Breaking News

बेटी की शादी के लिए लूटा बैंक, दहेज में दामाद को दिए आभूषण और बाइक

 


पुलिस ने नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के बस्ती बिगहा के दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक में हुई लूट की वारदात का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में पुलिस को जो बातें पता चली हैं उससे वो हैरान है। एक अपराधी ने बेटी की शादी में दहेज देने के लिए लूट की राशि का इस्तेमाल किया था।

वहीं दूसरा अपराधी बाइक खरीदने के लिए शोरुम तक पहुंच गया था। पुलिस ने अपराधियों के पास से तीन देसी कट्टे, लगभग चार लाख रुपये और घटना में इस्तेमाल की गई अपाचे बाइक भी बरामद कर ली है। अपराधियों ने चार मार्च को दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक से 14 लाख रुपये से ज्यादा की लूट की थी। 

पुलिस सूत्रों के अनुसार बैंक लूटने में दर्जन भर से ज्यादा अपराधी शामिल थे। इनमें से छह अपराधी सीधे बैंक पहुंचे थे। जबकि बाकी के साथी अलग-अलग स्थानों से नजर रख रहे थे। लूट को अंजाम देने से पहले कई दिनों तक रेकी की गई थी। बैंक की सुरक्षा से लेकर पुलिस की गश्ती तक की जानकारी हासिल की गई थी। इसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दस टीमों का गठन किया था। तकनीकी जांच और खुफिया इनपुट के आधार पर सभी टीमें उसी दिन से ही छापेमारी कर रही थी। गया से इनपुट मिलने के बाद पुलिस ने अपराधियों को दबोच लिया। लूट की राशि का बंटवारा होने के बाद एक अपराधी बाइक लेने के लिए शोरूम पहुंच गया। जैसे ही वो शोरूम से बाहर निकला पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।