जिम को बना दिया मयखाना, पुलिस को देख नशे में धुत युवक बोला, कौन है... लाओ एके-47, बताता हूं...
बिहार की राजधानी पटना के गर्दनीबाग के शांति पथ जिम बी स्ट्रांग में मयखाना चल रहा था। पुलिस ने छापेमारी कर जिम ट्रेनर दीपक कुमार, उसके भाई राहुल समेत 7 आरोपितों को पकड़ा। इनमें ब्रेथ एनलाइजर से की गई जांच में जिम ट्रेनर दीपक, उसका भाई राहुल, विशाल उर्फ पिंटू, अभिषेक व जितेंद्र कुमार में शराब पीने की पुष्टि हुई जबकि अभिषेक, सौरभ व सहेंद्र शराब बरामदगी के मामले में पकड़े गए।
गर्दनीबाग थाने की पुलिस ने जब जिम में छापेमारी की तो एक युवक शराब के नशे में धुत होकर बेड पर पड़ा था। युवक ने अपनी पैंट के पीछे की जेब में एक ट्रैटा पैक लगा रखा था। पुलिस ने जब उसे पकड़ा तो वह बक-बक करने लगा। पुलिस ने जब उसे उठने को कहा तो वह टल्ली होने के चलते बोला कि कौन है... लाओ एके-47 बताता हूं। इस पर पुलिसकर्मियों ने उसे धर-दबोचा। पुलिस को देखकर वह छोड़ देने की मिन्नतें करने लगा।
गर्दनीबाग थाना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि जिम व मकान जिम ट्रेनर दीपक का ही था। जिम की आड़ में इनके द्वारा शराब भी बेची जाती थी। जिम से एक केन बीयर, 5 बोतल अंग्रेजी शराब, एक बोतल आधी भरी हुई, एक खाली बोतल, चखना, पांच गिलास व खिड़की के पीछे खाली 30 पीस ट्रेटा पैक पाया गया। यारपुर स्लम बस्ती में देसी शराब व शराब पीने के आरोप 5 आरोपित पकड़े गए।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।