Breaking News

आज से शुरू हो रहा बिहार विधानसभा का शीतकालीन सत्र, पेश होंगे ये 3 महत्‍वपूर्ण विधेयक

 



बिहार विधानमंडल का शीतकालीन सत्र सोमवार से शुरू होगा। पांच दिन का यह सत्र शुक्रवार तक चलेगा। इस दौरान बिहार निजी विश्‍वविद्यालय, दाखिल-खारिज संशोधन विधेयक और बिहार तकनीकी सेवा आयोग संशोधन विधेयक पेश किए जाएंगे। 

इस सत्र का आयोजन इस मायने में महत्‍वपूर्ण है कि हाल ही में सम्‍प‍न्‍न विधानसभा की दो सीटों के उपचुनाव में दोनों ही सीटों कुशेश्‍वरस्‍थान और तारापुर पर सत्‍तापक्ष को विजय मिली है। चुनाव के दौरान एकजुट रहे सत्‍ता पक्ष का मनोबल ऊंचा है जबकि उपचुनाव में विपक्ष के दो मुख्‍य दलों राजद और कांग्रेस ने अलग-अलग प्रत्‍याशी दिए थे। उपचुनाव की लड़ाई और परिणाम की छाया निश्चित तौर पर पक्ष-विपक्ष के दलों के बीच इस छोटे सत्र में दिखेगी। हालांकि इन सबसे इतर प्रमुख विपक्षी दल राजद जनता के सवालों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। वहीं सत्‍तापक्ष भी हर सवाल का जवाब तैयार कर चुका है। बिहार विधानसभा और विधानपरिषद के सत्र के पहले ही दिन सोमवार को अन्‍य जरूरी कामों के अलावा वित्‍तीय वर्ष 2021-22 के द्वितीय अनुपूरक व्‍यय विवरणी पेश किया जाएगा। 

तीन विधेयक पेश किए जाएंगे

बिहार विधानमंडल का शीतकालीन सत्र सोमवार से शुक्रवार तक चलेगा। 17वीं विधानसभा के चौथे सत्र के पहले दिन विधानसभा के पटल पर एक अध्यादेश भी पेश होगा। यह बिहार तकनीकी सेवा आयोग से जुड़ा होगा। सत्र के दौरान सरकार की ओर से तीन विधेयक पेश किये जाने की सूचना है। इनमें शिक्षा, राजस्व एवं भूमि सुधार तथा सामान्य प्रशासन विभागों से जुड़े एक-एक विधेयक होंगे। विधेयकों में बिहार निजी विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक, दाखिल-खारिज संशोधन विधेयक और बिहार तकीनीक सेवा आयोग संशोधन विधेयक शामिल हैं। विधानसभा में 30 नवम्बर और 1 दिसम्बर को ये राजकीय विधेयक पेश होंगे। 2 दिसम्बर को द्वितीय अनुपूरक पर वाद-विवाद के बाद मुहर लगेगी। अंतिम दिन 3 दिसम्बर को गैर सरकारी संकल्प पेश होंगे। सत्र के दौरान दोनों ही सदनों में सदस्यों द्वारा जनता से जुड़े सवाल पूछे जायेंगे, जिनका सरकार उत्तर देगी।


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।