बिहार: सिपाही को जरा सी झपकी आई और हथकड़ी सरका कर फरार हो गया बंदी
बिहार के मुजफ्फरपुर के खुदीराम बोस सेंट्रल जेल के बंदी को इलाज के लिये पटना लेकर पहुंचे सिपाहियों को झपकी आ गयी। इस बीच बंदी हथकड़ी सरकाकर फरार हो गया। पीएमसीएच के आईजीआईसी में शनिवार की देर रात 12 बजे हुई इस घटना के बाद पुलिसवालों ने बंदी राज कुमार राय की खोजबीन शुरू की, लेकिन वह नहीं मिला।
राजकुमार को साहेबगंज थाने की पुलिस ने मादक पदार्थ और पिस्टल के साथ डेढ़ महीने पहले पकड़ा था। दिल की बीमारी के कारण 26 नवंबर को उसे पीएमसीएच में भर्ती करवाया गया। राज कुमार का हाथ भी टूट गया है। इसके बाद 27 नवंबर की रात 12 बजे वह मौका मिलते ही भाग निकला। बंदी को लेकर पटना पहुंचे मुजफ्फरपुर जिला बल के चार सिपाहियों ने इस घटना को लेकर पीरबहोर थाने में केस दर्ज करवाया है। इस घटना के बाद बंदी को लेकर आये चार सिपाहियों को सस्पेंड किया जा सकता है।
बंदी के भागने के बाद पुलिस अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। इसके अलावा अस्पताल के गेट और अन्य जगहों पर लगे कैमरों की पड़ताल भी की जा रही है। कैमरे में कैद फुटेज से यह पता चलेगा कि बंदी किस ओर भागा है। उसके साथ कोई और था या नहीं।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।