अररिया हादसा: आग में झुलसने से 6 बच्चों की मौत पर सीएम नीतीश ने जताया शोक, 4-4 लाख अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश
बिहार के अररिया जिले के पलासी थाना क्षेत्र के कबैया गांव में मंगलवार की दोपहर घर में आग लगने से छह मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक भाई-बहन भी हैं। इस हादसे को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृत बच्चों के परिजनों को चार चार लाख अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है।
हादसे को लेकर परिजनों ने बताया कि सभी बच्चे घर से खेलने की बात कह कर निकले थे। पास में बने पुआल के घर में सभी बच्चे मिलकर मकई का भुट्टा पकाने लगे। इसी दौरान निकली चिंगारी से आग लग गई। धुआं उठता देख आसपास के लोग जब तक वहां पहुंचे तब तक देर हो चुकी थी। जब बच्चों को निकाला गया तो कि देखा कि सभी की मौत हो चुकी है।
एक साथ छह बच्चों की मौत की सूचना फैलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों के रूदन-क्रंदन से माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीओ शैलेश चन्द्र दिवाकर, पलासी बीडीओ अविनाश झा, सीओ विवेक कुमार मिश्र, प्रशिक्षु डीएसपी सह थानेदार एजाज हाफिज मणि, शिवपूजन कुमार आदि सदबलबल कवैया गांव पहुंचे और घटना की पूरी जानकारी ली। मौके पर एसडीओ ने बताया कि भुट्टा पकाने के दौरान पुआल में आग लग गई। उन्होंने बताया कि सीओ को आवश्यक निर्देश दिया गया है। सरकारी प्रावधान के अनुसार मृतक के परिजनों को मुआवजा दिया जाएगा।
इनकी हुई दर्दनाक मौत
मृतकों में कवैया गांव के युनूस का पांच वर्षीय बेटा अशरफ व तीन वर्षीया
बेटी गुलनाज शामिल हैं। इसके अलावा मंजूर का छह वर्षीय बेटा दिलवर, फारूक
का चार वर्षीय पुत्र बरकस, मतीन का पांच वर्षीय बेटा अली हसन व तनवीर की
पांच वर्षीया बेटी खुशनिहार शामिल हैं। बेटा अशरफ व बेटी गुलनाज का शव
देखकर सोनिया बेहोश हो गई और दादा तैयब बदहवास दिखे। सोनिया के पति यूनूस
ने किसी तरह पत्नी को संभाला। कमोवेश यही स्थिति दिलवर के दादा अनवार सहित
अन्य मृतक के परिजनों का था।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।