बिहार बोर्ड इंटर परीक्षा: पहले दिन 163 परीक्षार्थी हुए निष्कासित, Exam शुरू होने के 10 मिनट तक ही मिला प्रवेश, कई केंद्रों पर उपस्थिति रही कम

BSEB Bihar Board Inter Exam 2021: बिहार बोर्ड इंटर परीक्षा सोमवार से शुरू हो गई। कोरोना काल में हो रही परीक्षा में सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क पर जोर रहा। बिना मास्क के आए छात्रों को प्रवेश नहीं दिया गया। प्रदेश भर में पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।
13 फरवरी तक चलने वाली इंटर वार्षिक परीक्षा के पहले दिन राज्य भर के 23 जिलों में 163 परीक्षार्थी निष्कासित किये गये। 15 जिलों से एक भी परीक्षार्थी निष्कासित नहीं हुए। सबसे ज्यादा भोजपुर से 33, जमुई से 29 और नालंदा से 28 परीक्षार्थी निष्कासित हुए। पटना जिला से बाढ़ प्रखंड से एक छात्र को निष्कासित किया गया। प्रदेश के 1473 केंद्रों पर कदाचार मुक्त परीक्षा के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि राज्य भर में शांतिपूर्ण परीक्षा रही।
केंद्र पर प्रवेश से पहले हर परीक्षार्थी की जांच की गई। कोरोना संक्रमण से बचने के लिए ज्यादातर केंद्रों पर गोला बना कर परीक्षार्थियों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग रखी गयी थी। परीक्षा ठीक 9.30 बजे शुरू हुई। पहले ओएमआर उत्तर पत्रक और उत्तरपुस्तिका परीक्षार्थी को दिया गया। इसके पांच मिनट के बाद 9.35 बजे पर प्रश्न पत्र दिया गया। इसके दस मिनट के बाद 9.45 बजे पर परीक्षा शुरू हुई। परीक्षा के पहले दिन प्रदेश भर से कई परीक्षार्थी निष्कासित हुए।
पहले दिन भौतिकी और राजनीति शास्त्र की हुई परीक्षा
परीक्षा के पहले दिन प्रथम पाली में भौतिकी विषय और दूसरी पाली में राजनीति शास्त्र और वोकेशनल कोर्स के हिन्दी विषय की परीक्षा ली गयी। पहले दिन की परीक्षा में नौ लाख 13 हजार 198 परीक्षार्थी को शामिल होना था। लेकिन कई केंद्रों पर देर से पहुंचने के कारण परीक्षार्थी अंदर नहीं जा सके। हालांकि कई केंद्रों पर निर्धारित प्रवेश समय के बाद भी परीक्षार्थियों को प्रवेश करवाया गया। बिहार बोर्ड की मानें तो प्रदेश के ज्यादातर केंद्र पर पांच से आठ फीसदी उपस्थिति कम थी।
मॉडल केंद्र पर परीक्षा दे खुश थीं छात्राएं
बिहार बोर्ड ने सभी जिले में चार-चार मॉडल केंद्र बनाये थे। इन केंद्रों को फूल और गुब्बारे से सजाया गया था। पटना जिले की बात करें तो मॉडल केंद्र पर प्रवेश के समय छात्राएं काफी खुश थीं। बांकीपुर बालिका हाई स्कूल केंद्र पर पहुंची छात्रा रोशनी ने बताया कि सजा हुआ केंद्र देख कर मानसिक तौर पर राहत मिली है। काफी अच्छा लगा है। वहीं, प्रियंका ने बताया कि केंद्र देखकर बहुत अच्छा लग रहा है।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।