बिहार: पापा ने मम्मी को पटककर पीटा, फिर सिर में मार दी गोली... दहेज के लिए पत्नी की हत्या, पति गिरफ्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के पक्की सराय में मो. बिस्मिल्ला ने दहेज के लिए पत्नी सब परवीन की गोली मार हत्या कर दी थी। मंगलवार को मृतका की मां के बयान पर नगर थाने में हत्या, दहेज और आर्म्स एक्ट में एफआईआर दर्ज की गई। इसमें दहेज में बाइक व रुपये मांगने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपित को चंदवारा के सोडा गोदाम चौक स्थित एक ताड़ी दुकान से गिरफ्तार किया है। उसने लुंगी व टी-शर्ट पहनी थी। लुंगी पर खून के धब्बे थे। हत्या में इस्तेमाल पिस्टल बरामद नहीं हो सकी है। इसके लिए चंदवारा व सोडा गोदाम इलाके में बूढ़ी गंडक के किनारे छापेमारी की जा रही है।
मंगलवार की दोपहर नगर डीएसपी रामनरेश पासवान ने एक घंटे तक घटनास्थल की छानबीन की। मृतका के बच्चों व पड़ोसियों से घटना के संबंध में जानकारी ली। बाद में एफएसएल की टीम ने भी जांच-पड़ताल की। मौके से खून के धब्बे, कपड़े, खोखा और अन्य सामग्री का नमूना एकत्र किया। इसे सीलबंद लिफाफे में केस के आईओ को सौंप दिया। अब आईओ कोर्ट की अनुमति पर जब्त नमूने को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजेंगे।
बिस्मिल्ला की पांच साल की बेटी ने नगर डीएसपी को बताया कि उसके पिता ने ही मां की हत्या की है। वह अक्सर उनलोगों के साथ मारपीट करता था। सोमवार को भी मां को पटक-पटककर पीटा। बाल पकड़ खींचा और फिर सिर में गोली मार दी। फिलहाल, बिस्मिल्ला के परिजन घर छोड़कर फरार हैं। उसके बच्चे ननिहाल पक्ष के पास हैं। सब परवीन का शव लेकर गोरौल के इनायतपुर लेकर चले गए हैं। वहां उसका अंतिम संस्कार किया गया।
पति का रवैया देख जतायी थी अनहोनी की आशंका
सब परवीन की मां वैशाली के गोरौल थाने के इनायतपुर निवासी शाहजहां खातून का
नगर थाने पर बयान हुआ। उसने बताया कि मो. बिस्मिल्ला बाइक व रुपये के लिए
बेटी के साथ मारपीट करता था। इसकी जानकारी बेटी देती थी। आरोपित पिस्टल से
हत्या की धमकी देता था। शाहजहां के बयान के मुताबिक, सोमवार की शाम
बिस्मिल्ला ने सब परवीन के साथ मारपीट की थी। बेटी ने इसकी जानकारी फोन कर
मायके में दी थी। बताया था कि उसके साथ कुछ भी अनहोनी हो सकती है। इसके बाद
देर रात बिस्मिल्ला ने सबा परवीन के सिर में पिस्टल से गोली मारकर हत्या
कर दी। इसकी जानकारी मायके वाले को होने पर देर रात ही पक्की सराय आ गए।
फिर घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
आधा घंटा तक पक्की सराय चौक पर रुका :
पुलिस सूत्रों की मानें तो आरोपित नशे में था। घटना को अंजाम देने के बाद
आधा घंटा तक पक्की सराय चौक पर अंडे की दुकान के बाहर रुका। वहां से झोला
लेकर आजाद रोड होकर चंदवारा की ओर निकल गया। झोला में पिस्टल थी। पूछताछ के
दौरान पुलिस को पिस्टल के संबंध में सही जानकारी नहीं दे रहा है।
अमर सिनेमा रोड के युवक की निशानदेही पर धराया :
पुलिस सूत्रों की मानें तो आरोपित बिस्मिल्ला अमर सिनेमा रोड के एक युवक के
साथ सोडा गोदाम चौक पर ताड़ी दुकान पर था। ताड़ी भी पी। इसके बाद दोनों
पक्की सराय पहुंचे। वहां से दोनों अपने-अपने घर की ओर चले। पुलिस को सूचना
मिली कि अमर सिनेमा के समीप का युवक उसके साथ देखा गया है। पुलिस ने उस
युवक को दबोचा और पूछताछ की। पहले तो वह पुलिस को बरगलाता रहा, लेकिन सख्ती
पर उसने बिस्मिल्ला के बारे में जानकारी दी।
तीन बार जेल जा चुका है बिस्मिल्ला
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, बिस्मिल्ला के खिलाफ नगर थाने में हत्या व गोली
मारने के तीन कांड दर्ज हैं। पहली बार पक्की सराय के ही मो. जावेद की 2008
में हत्या कर दी थी। पुलिस की दबिश के बाद कोर्ट में समर्पण किया था। इसमें
वह लंबे समय तक जेल में रहा था। 2016 में जेल से छूटा था। जेल से निकलते
ही बंटी नामक युवक को गोली मार दी, लेकिन वह बच गया। इसके बाद पुलिस ने उसे
फिर से गिरफ्तार किया। इसके बाद फिर जमानत पर छ़ूटा। फिर एक केस में जेल
भेजा गया। बताया जाता है कि उसे शराब पीने की लत है। मादक पदार्थ का भी
सेवन करता है। इसके लिए वह पिस्टल निकालकर किसी की हत्या करने पर उतारू हो
जाता है।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।