पूर्णिया में तेज रफ्तार का कहर, हाईवा से कुचलकर दो युवकों की मौत, हेलमेट भी नहीं पहना था
मरंगा थाना क्षेत्र के पॉलिटेक्निक चौक के समीप मंगलवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे हाईवा से कुचलकर दो युवकों की मौत हो गयी। मृतकों में तेतरी (नवगछिया) निवासी मुरारी शर्मा (31) और जनार्दन मण्डल (30) शामिल हैं। घटना में मुरारी शर्मा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाने के दौरान जनार्दन मंडल की भी मौत हो गयी।
दोनों युवक बाइक से डीआरसीसी की ओर से पॉलिटेक्निक चौक की ओर तेजी से जा रहा था। मोड़ पर बाइक के फिसलकर दोनों युवक हाईवा के नीचे आ गए। चक्का के नीचे दबे होने के कारण शव को कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने सड़क को जाम कर दिया और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग करने लगे। लोगों ने मंथर गति से चल रहे सड़क निर्माण को जल्द से जल्द पूरा करने, नो इंट्री में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने समेत अन्य मांगों को लेकर नारेबाजी भी की।
मरंगा थानाध्यक्ष राजीव कुमार आजाद ने मौके पर पहुंच कर उग्र लोगों को शांत कराया और काफी समझाने के बाद जाम को हटाया गया। पुलिस ने दोनों युवक के शव को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। हाईवा और बाइक को पुलिस जब्त कर थाना ले आई है। फिलहाल हाईवा मालिक का कोई पता नहीं चल पाया है।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।