Breaking News

राकेश कुमार पिंटू बने मुजफ्फरपुर के नए मेयर, अपने प्रतिद्वंदी को केवल 2 वोट से हराया

 



कांटे की टक्कर में मेयर उम्मीदवार राकेश कुमार पिंटू चुनाव जीतने में सफल रहे। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार नंद कुमार साह को दो मतों से पराजित करने में सफलता पायी। वोटिंग में शामिल हुए 47 पार्षदों में से 24 ने राकेश कुमार पिंटू व 22 ने नंद कुमार साह को वोट दिया, जबकि एक वोट ब्लैंक होने के कारण निरस्त कर दिया गया। 

कलेक्ट्रेट सभागार में होने वाले चुनाव के लिए सुबह साढ़े 11 बजे निर्धारित समय पर सभी वार्ड पार्षद सभाकक्ष में पहुंच गए। सभाकक्ष में वोटिंग के लिए कुल 47 पार्षद पहुंचे। एक पार्षद संजीव कुमार चौहान का निधन हो चुका है, जबकि दूसरी पार्षद सीमा कुमारी स्वास्थ्य कारणों से वोटिंग में हिस्सा नहीं ले सकी। साढ़े 11 बजे के बाद वार्ड पार्षद सीमा  कुमारी का इंतजार किया जाने लगा, इसी बीच उनके पति ने सदन को सूचना दी कि बीमारी के कारण वह वोटिंग में हिस्सा नहीं ले सकेंगी।

इसके बाद डीएम प्रणव कुमार ने चुनाव प्रक्रिया शुरू करने की अनुमति दी। प्रक्रिया शुरू होने के बाद पहले राकेश कुमार पिंटू ने अपनी दावेदारी पेश की। पार्षद राकेश सिन्हा पप्पु उनके प्रस्तावक बने व पार्षद अर्चना पंडित उनकी समर्थक बनी। वहीं दूसरी ओर से नंद कुमार साह ने भी अपनी दावेदारी पेश की। नंद कुमार साह के प्रस्ताव पार्षद मो. जावेद अख्तर बने जबकि समर्थ अजय ओझा बने। इसके बाद वोटिंग की प्रक्रिया शुरू हुई जो करीब एक घंटे तक चली। प्रेक्षक की उपस्थिति में हुई गिनती के दौरान एक मत ब्लैंक होने के कारण रद्द किया गया जबकि 24 मत राकेश कुमार पिंटू व 22 मत नंद कुमार साह को आये। 

चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम प्रणव कुमार ने राकेश कुमार पिंटू को जीत का प्रमाण पत्र दिया और साथ ही मेयर पद की शपथ भी दिलायी। शपथ ग्रहण के बाद सभाकक्ष से बाहर निकलते समय समर्थकों ने राकेश कुमार पिंटू व विधायक विजेंद्र चौधरी के पक्ष में जोरदार नारेबाजी की। 

जिन पार्षदों ने मुझपर भरोसा  जताया है, उनका हार्दिक धन्यवाद। साढ़े चार साल से लंबित काम को पूरा करने के लिए सिर्फ पांच माह बचे हैं। इसी अवधि में काम को युद्धस्तर पर पूरा करना है। मैं पार्षद व जनता की उम्मीदों पर खड़ा उतरने की कोशिश करूंगा। - राकेश कुमार पिंटू, मेयर 

लोकतंत्र में मतदाता सर्वोपरि है। मैं उनके जनादेश का सम्मान करता हूं। उनका निर्णय शीरोधार्य है। अगले चुनाव में समय कम रह गया है, इस बीच विकास के मामले में शहर काफी पीछे चला गया है। इसे विकास की पटरी पर लाना चुनौती है। 
- नंद कुमार साह, पार्षद 


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।