सुपौल में दवा कारोबारी के इंजीनियर बेटे की गोली मारकर हत्या, ग्रामीणों ने काटा बवाल
सुपौल में प्रतापगंज थाना क्षेत्र के दुअनियां पुल के पास सोमवार की रात बदमाशों ने सिमराही बाजार के दवा व्यवसाई रौशन कुमार साह के इंजीनियर बेटे अभिषेक कुमार (22) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से गुस्साए लोगों ने सोमवार की रात लगभग 10 बजे सिमराही बाजार में एनएच 57 और 106 को जाम कर दिया।
सूचना पर पहुंचे त्रिवेणीगंज डीएसपी गणपति ठाकुर और वीरपुर एसडीपीओ पंकज कुमार मिश्रा ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन आक्रोशित लोग हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। देर रात लोगों ने जाम हटाया लेकिन मंगलवार सुबह 9 बजे एक बार फिर लोगों ने सिमराही बाजार में एनएच को जाम कर दिया।
इस दौरान आक्रोशित लोगों ने सिमराही बाजार की दुकानों को भी बंद करा दिया। गुस्साए लोग हत्यारों की गिरफ्तारी और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे थे। लगभग तीन घंटे के बाद एसडीएम कुमार सतेन्द्र यादव, एसडीपीओ पंकज कुमार मिश्रा, इंस्पेक्टर केबी सिंह मौके पर पहुंचे।
एसडीएम ने लोगों को भरोसा दिया कि जल्द मामले का खुलासा होगा और अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कहा कि एनएच 57 पर शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक लगातार पुलिस गश्त करेगी।
इसके लिए विशेष टीम गठित की जाएगी। इसके अलावा चि्ह्तित घटना स्थल, पुलिया सहित जरूरी जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे वहां की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी। इन जगहों पर पुलिस बल द्वारा विशेष निगरानी भी की जाएगी। एसडीएम के समझाने के बाद लोगों ने दोपहर सवा 12 बजे जाम हटा लिया।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।