Breaking News

छट्ठी कार्यक्रम से लौट रहा परिवार हादसे का शिकार, पिकअप ने ट्रैक्टर को मारी टक्कर, तीन की मौत सात घायल

 


छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में छट्ठी कार्यक्रम से लौट रहा परिवार हादसे का शिकार हो गया। ट्रैक्टर व पिकअप की टक्कर से तीन लोगों की मौत हो गई वहीं सात लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों का उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ में चल रहा है। ट्रैक्टर में 35 से अधिक लोग सवार थे। सभी बुंदेला गांव से बेमेतरा जिले के खैरा गांव गए थे। वापस लौटते समय नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांव यह हादसा हुआ है। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। इधर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है।     

नवागढ़ थाना से मिली जानकारी के मुताबिक नवागांव में तेज रफ्तार पिकअप और ट्रैक्टर के बीच टक्कर हुई है। इसमें एक ही परिवार की दो युवती और एक युवक की मौत हो गई। ग्राम खैरी निवासी तेजराम के घर शुक्रवार को छट्ठी का कार्यक्रम था। इसमें शामिल होने बेमेतरा जिला के ही ग्राम बुंदेला निवासी चंद्रनाथ यादव का परिवार गया था। कार्यक्रम होने के बाद 35 से अधिक लोग देर रात ट्रैक्टर क्रमांक CG04DM7107 की ट्राली में बैठकर वापस बुदेला लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन क्रमांक CG04HQ2778 के चालक ने महाराजी स्कूल के पास ट्राली को टक्कर मार दी। इससे ट्राली का एक पल्ला खुल गया और ट्राली में बैठे 10 लोग उछलकर सड़क पर गिरे। हादसे में दर्जनभर लोग घायल हुए हैं। 

एक ही परिवार के तीन की मौत से बुंदेला गांव में मातम
सूचना पर पहुंची पुलिस व ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को नवागढ़ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां बैशाखीन बाई यादव (21) और चंद्रकुमार यादव (30) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल भुनेश्वरी यादव (17) को रायपुर मेहाकारा रेफर किया गया, जिसकी रास्ते में मौत हो गई। थाना प्रभारी अजय सिन्हा ने बताया कि ट्रैक्टर में सवार सभी एक ही परिवार के लोग थे, जिसमें महिलाओं की संख्या ज्यादा थी। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है। इधर इस घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से बुंदेला गांव में मातम पसरा है।


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।