Breaking News

गाजियाबाद में शराब तस्कर से दोस्ती पुलिस को महंगी पड़ी, दारोगा सहित 6 लोग लाइन हाजिर




 मोदीनगर:   गाजियाबाद के मोदीनगर में शराब तस्कर से सांठगांठ कोतवाली पुलिस पर एक बार फिर भारी पड़ गई। इसके साथ ही पुलिस द्वारा गिरफ्तार शराब तस्कर ही पुलिस वालों के गले की फांस बन गया। पुलिस ने जिस शराब तस्कर को गिरफ्तार किया, उसी ने महकमे के वरिष्ठ अफसरों से थाने के कई पुलिसकर्मियों की सांठगांठ का भंडाफोड़ कर दिया।

मामले की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कलानिधि नैथानी ने एक सीनियर सब इंस्पेक्टर (एसएसआई) सहित छह पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर उनके खिलाफ विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, बीते दिनों थाना पुलिस ने एक शराब माफिया को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने बताया था कि इलाके में शराब तस्करी का कारोबार मोदी नगर थाने में ही तैनात कुछ पुलिस वालों की मदद से होता है। थाना पुलिस इस बात को कई दिन तक दबाए रही, लेकिन गिरफ्तार किया गया शराब माफिया अपनी बात पर अड़ा रहा।
वहीं, हाल ही में एसपी देहात ने एसएसआई को इस बावत चेताया भी था। बावजूद इसके पुलिस कर्मियों की शह पर तस्कर खुलेआम शराब बेच रहा था। जब इसकी गोपनीय ढंग से छानबीन हुई तो प्राथमिक जांच में कोतवाली पुलिस और शराब तस्कर में सांठगांठ की पुष्टि होने के बाद एसएसपी ने कोतवाली के एसएसआई सहित छह पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है।

इसके अतिरिक्त मामले में उच्च स्तरीय जांच कराने के भी आदेश दिए गए हैं। एसपी देहात नीरज जादौन ने बताया कि एसएसपी के आदेश के बाद छह कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।