सहरसा सदर थाना क्षेत्र की नरियार पंचायत स्थित छोटी परसाहा टोले में भाई ने अपनी बहन की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली आरोपी की बहन के शरीर पर कई जगहों पर चाकू से गोदने के निशान बने हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर अपर थानाध्यक्ष विधि व्यवस्था द्रवेश कुमार, पुअनि गुड्डू कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी व बल मौके पर पहुंचे। हत्याकांड को लेकर परिजन कारण बताने से इंकार कर रहे हैं। मृतक फुलो कुमारी की मां श्रद्धा देवी ने बताया कि वह अपने पति रामदेव साह के साथ बगल में धान कुटाने गयी हुई थी। घर में केवल बेटी फुलो व बेटा सुशील कुमार था। जबकि एक बेटा दिलखुश कुमार बगल में खेत पटवन कर रहा था। घर लौटने पर दिलखुश ने बताया कि घर से हो हल्ला की आवाज सुनकर पहुंचा तो देखा कि सुशील के हाथ में चाकू है। उसे देखते ही वह भाग गया।
परिजनों की सूचना पर पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया। घर में मौजूद मां और भाई से घटना के कारणों की जानकारी ली। किसी ने कुछ नहीं बताया। जबकि पिता घर से फरार था। स्थानीय लोगों के अनुसार सुशील बदमाश किस्म का था और शादी के बाद पत्नी के साथ नहीं रह रहा था।
सदर एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि हत्यारोपी भाई को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्दी ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।