Breaking News

भदोही: गंगा से दो और बच्चों के शव बरामद, पांच बच्चों को फेंकने वाली मां को भेजा जेल




उत्तरप्रदेश/भदोही:  भदोही में रविवार को गंगा में फेंके गए दो और बच्चों के शव सोमवार की सुबह बरामद हो गए। एक शव घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर मिला। इससे पहले दो बच्चियों के शव रविवार की शाम तक बरामद हो चुके थे। अब सबसे छोटे बेटे की तलाश हो रही है। पति से झगड़े के बाद बच्चों को गंगा में फेंकने वाली मां के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया। घटना के करीब 30 घंटे बाद भी बच्चों की तलाश जारी है।

भदोही के जहांगीरा गांव निवासी मृदुल उर्फ मुन्ना से रविवार की सुबह पैसों और खर्च को लेकर उसकी पत्नी का झगड़ा हो गया था। पत्नी मंजू अपने पांचों बच्चों 12 वर्षीय बेटी आरती उर्फ वंदना, 10 वर्षीय बेटी सरस्वती उर्फ रंजना, आठ ‌वर्षीय बेटे शिवशंकर, छह ‌वर्षीय बेटी मातेश्वरी उर्फ पूजा और तीन साल के बेटे संदीप को लेकर गंगा किनारे पहुंच गई। यहां उसने अपने सबसे छोटे बेटे संदीप को अचानक सबसे पहले गंगा में फेंक दिया। इससे पहले कि अन्य बच्चे कुछ समझते मां ने पूजा को भी गंगा में ढकेल दिया। दोनों डूबने लगे तो वंदना, रंजना और शिवशंकर बचाने के लिए गंगा में उतर गए। पानी गहरा होने के कारण यह तीनों बच्चे भी डूबने लगे।

बच्चों को डूबता देख आसपास के कुछ लोग दौड़े लेकिन तब तक पांचों गंगा में समा चुके थे। तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पांच बच्चों के डूबने की खबर लगते ही हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद और एसपी राम बदन सिंह भी मौके पर पहुंच गए। तत्काल गोताखोरों को बुलाकर तलाश शुरू कराई गई। दोपहर करीब तीन बजे के बाद सबसे पहले बड़ी बेटी वंदना का शव गोताखोरों ने बरामद कर लिया। उसके कुछ देर बाद रंजना का शव बरामद हुआ। रात होने के कारण तलाश बंद हो गई। सोमवार की सुबह एक बार फिर तलाश शुरू हुई। घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर शिवशंकर का शव मिला। उसके कुछ देर बाद ही पूजा की शव भी बरामद हो गया। अब सबसे छोटे बेटे संदीप की तलाश हो रही है।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।