Breaking News

समस्तीपुर में कोरोना पॉजिटिव का शव जलाने गई पुलिस पर हमला, लाठीचार्ज




बिहार के समस्तीपुर से सटे मोक्षधाम में शनिवार को एक कोरोना पॉजिटिव का शव जलाने पहुंची पुलिस व मेडिकल टीम को आसपास के लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। लाश को जलाने से रोकने के लिए लोगों ने विरोध प्रदर्शन के बाद पथराव कर पुलिस को भागने के लिए विवश कर दिया। बाद में अधिक संख्या में पहुंची पुलिस ने सभी को खदेड़ कर पीटा। इससे करीब एक घंटे तक मोक्षधाम का इलाका रणक्षेत्र में तब्दील रहा।

विदित हो कि ट्रेन में तबीयत खराब होने पर समस्तीपुर स्टेशन पर पश्चिम बंगाल के एक युवक को उतारकर समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। उसके बाद जांच में उसे कोरोना पॉजिटिव पाया गया। किसी परिजन के नहीं आने के कारण पुलिस व मेडिकल टीम उसका अंतिम संस्कार करने के लिए शनिवार को मोक्षधाम ले गयी। जहां पुलिस के लाश लेकर पहुंचते ही आसपास के लोग एकजुट होकर विरोध जताने लगे।
पुलिस के समझाने पर भी नहीं माने लोग
पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को समझाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं हुए। वे लाश नहीं जलाने देने पर अड़े हुए थे जबकि पुलिस लाश का अंतिम संस्कार करने पर जोर दे रही थी। उसी बीच स्थानीय लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुई रोड़बाजी से पुलिस व मेडिकल टीम को भागने के लिए विवश होना पड़ा। बाद में अन्य जगहों से पुलिस बल बुलाया गया। उसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग शुरू किया। रोड़े चलाने वालों को खदेड़-खदेड़ कर पीटना शुरू कर दिया। इस घटना में दोनों ओर से दर्जन भर लोग घायल हुए।

लोगों के पथराव में पुलिस के जवान भी चोटिल हुए हैं। दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी।
-विकास वर्मन, एसपी समस्तीपुर

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।