Breaking News

मोतिहारी: नल जल की टंकी में जहर डालने का आरोप, हड़कंप


मोतिहारी से दीपू कुमार गिरी की रिपोर्ट

मोतिहारी: प्रखंड की परसौनी पंचायत के भाजा छापर गांव के वार्ड नं नौ में जल-नल की टंकी में जहर डालने का मामला सामने आने से सनसनी फैल गयी। जहर डालने आए एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। जबकि उसके दो अन्य साथी फरार हो गए। पुलिस ने पानी का सैंपल लेकर जांच में भेज दिया है। ग्रामीण श्यामबाबू महतो, चंदेश्वर महतो,जयप्रकाश महतो,राजन प्रसाद, ललन मुखिया,विक्रमा महतो,गोपाल महतो,मनु महतो लालबाबू महतो आदि ने बताया कि शुक्रवार की देर रात तीन लोग नल-जल की टंकी में कीटनाशक दवा डाल रहे थे। तभी एक महिला से इसकी भनक ग्रामीणों को मिली। टंकी के पास जैसे ही गांव वाले पहुंचे कि तीनों भागने लगे। एक को ग्रामीणों ने दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया। जबकि दो भागने में सफल रहे। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह व जमादार राजकुमार ठाकुर ने घटना का जायजा लिया और घटनास्थल से सेलफास टेबलेट व कीटनाशक दवाएं बरामद की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी थाना क्षेत्र का इन्द्रवाभार गांव का आजाद अंसारी बताया जाता है । ग्रामीणों के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं नल-जल की टंकी से पानी का सैंपल थाने लाया गया है। जांच के लिए भेजा जा रहा है। तत्काल पानी की टंकी को सील कर दिया गया है । जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पानी की सप्लाई शुरू होगी। मौके पर वार्ड सदस्य सदना देवी, श्यामबाबू महतो,अभिनय कुमार ,राजन प्रसाद ,चुभन प्रसाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे ।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।