Breaking News

पटना: लॉकडाउन में पुलिस को चुनौती, 2 की हत्या, एक की हालत गंभीर



पटना: राजधानी पटना के दुल्हिन बाजार में सोमवार की सुबह अपराधियों ने खुलेआम खूनी खेल खेला। एक बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने मुख्य बाजार की मुख्य सड़क पर ताबड़तोड़ फार्यंरग की। इसमें दो लोगों को गोली लगी, जिसमें कासिमचक के दीपक कुमार की मौत हो गई, जबकि दूसरा बुरी तरह जख्मी है। लोगों का कहना है कि अपराधियों ने 12 चक्र गोलियां चलाई।  वहीं पटना सिटी में एक युवक की अज्ञात अपराधियों ने पत्थर से कूच कर हत्या कर दी।
दुल्हिन बाजार में तड़तड़ाई गोलियां, एक की मौत 
दीपक अपनी बाइक बनवाने के लिए मैकेनिक की दुकान पर खड़ा था, फायरिंग के दौरान उसे दो गोलियां लगीं। अपराधियों के निशाने पर धर्मेंद्र कुमार नाम का युवक था, लेकिन फार्यंरग के दौरान  अपने एक रिश्तेदार के घर में घुस गया, अपराधी पीछा करते हुए रिश्तेदार के घर में घुस गया और घर के मालिक चितरंजन शर्मा को भी गोली मार दी। वह बुरी तरह जख्मी हो गया। जबकि धर्मेंद्र पीछे के दरवाजे से भाग निकला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार तीनों अपराधी हथियार से लैस थे। एक बाइक चला रहा था दूसरा दोनों हाथ में पिस्तौल लहरा रहा था, तीसरा बाइक से उतरकर पीछे से गोली चला रहा था। तीनों मास्क पहने था। घटना में पुलिस को मेन रोड  पर तीन गोलियां मिलीं।  घर से पांच गोली बरामद हुई। वहीं लॉक डाउन के चलते सभी घर में बंद हैं। ऐसे में घर मे घुसकर गोली  मारना और हथियार लहराते हुए आराम से भाग निकलना पुलिस के लिए खुली चुनौती है। घटना का मुख्य कारण जमीन विवाद बताया जाता है। बताया जाता है कि दुल्हिन बाजार के लाला भदसरा गांव में बहुत पहले से राम जानकी मठ की जमीन का विवाद दो पक्षों के बीच चल रहा था। यह मामला भी उसी से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
युवक की ईंट-पत्थर से कूंचकर हत्या
घात लगाए बदमाशों ने सोमवार की रात युवक राजू उर्फ गर्जनी की ईंट-पत्थर से कूंच कर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देकर अपराधी गली के रास्ते भाग निकले। घटना चौक थाना क्षेत्र के मंगलतालाब के उत्तरी गेट के पास घटी। चौक थाना क्षेत्र के किला रोड का रहने वाला युवक रात में मंगलतालाब होते हुए घघा गली के रास्ते घर लौट रहा था। तभी तीन की संख्या में रहे चौक थाने के किला रोड के युवकों ने घेर कर उसे ईंट-पत्थर से कूंच कर लहुलूहान कर दिया। बदमाशों ने ईंट से उसके सिर पर कई वार किए। जब वह निढ़ाल होकर गली में गिर गया तो सभी हमलावर भाग गए। मारपीट की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े। घटना की जानकारी होते ही चौक पुलिस भी मौके पर पहुंची और गजनी (21 वर्ष)को उठाकर पीएमसीएच ले गयी। जहां उसकी मौत हो गयी। चौक थानाध्यक्ष टीएन तिवारी ने बताया कि मृतक शराब के धंधे से जुड़ा था और कुछ माह पहले ही जेल से छुटकर आया था। घटना का कारण शराब का विवाद बताया जा रहा है।  दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।