Breaking News

बिहार: पटना और गया एयरपोर्ट पर उतरने वाले यात्रियों के लिए यह है क्वारंटाइन रूल



कोरोना लॉकडाउन के चौथे चरण के बीच घरेलू उड़ान सेवा 25 मई से शुरू होने जा रही है। हवाई यात्रा के जरिए आए लोगों के लिए अलग-अलग राज्य सरकारों ने क्वारंटाइन रूल बनाए हैं। इसी तरह का नियम बिहार में भी है। पटना और गया एयरपोर्ट पर उतरने वाले यात्रियों को सीधे घर जाने की इजाजत नहीं होगी। बिहार में इन्हें 14 दिन के लिए पेड क्वारंटाइन में रहना होगा। इसके बाद ही वे घर जा पाएंगे। वहीं दूसरी तरफ केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप पुरी ने शनिवार को कहा कि जिन यात्रियों में कोविड-19 के लक्षण नहीं हैं और आरोग्य सेतु ऐप पर ग्रीन स्टेटस है, उन्हें क्वारंटाइन में भेजे जाने की जरूरत नहीं है।
कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के लिए पूरे देश में लॉकडाउन लागू है। लॉकडाउन का चौथा चरण 31 मई को समाप्त होगा। करीब दो महीने बाद भारत में घरेलू उड़ान सेवा की शुरुआत होने जा रही है। इससे पहले भारत सरकार ने प्रवासियों के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेन चलाने की शुरुआत की थी। इसके बाद 15 जोड़ी ट्रेनों का परिचालन शुरू किया गया। एक जून से भारतीय रेल 100 जोड़ी ट्रनों का परिचालन भी शुरू करने जा रही है। अब धीरे-धीरे चीजों को सामान्य करने पर सरकार का जोर है।
देश में कोरोना के एक लाख 25 हजार से अधिक केस
भारत में कोरोना वायरस के मामलों में हर दिन इजाफा देखने को मिल रहा रहा है और रोज यह सबसे अधिक मामलों का रिकॉर्ड बनाता जा रहा है। आज भी कोरोना का अब तक का सबसे बड़ा उछाल सामने आया है। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से 6654 नए मामले सामने आए हैं और करीब 137 लोगों की मौतें हुई हैं। शनिवार को जारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर करीब 125101 हो गए हैं और कोविड-19 से अब तक 3720 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना के कुल 125101 केसों में 69597 एक्टिव केस हैं, वहीं 45299 लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है या फिर वह ठीक हो चुके हैं। कोरोना वायरस से अब तक सर्वाधिक 1517 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई। यहां अब इस महामारी से पीड़ितों की संख्या 44582 हो गई है।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।