Breaking News

मोतिहारी में शराब पीने के बाद दो की संदिग्ध स्थिति में मौत, 2 की हालत खराब



बिहार के मोतिहारी जिले के बंजरिया थाना क्षेत्र के चैलाहां बगही में धनौती नदी के किनारे धंधेबाजों द्वारा बेची जा रही शराब पीने से रविवार को दो लोगों की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। चैलाहां कुड़िया टोला निवासी रघुनाथ राम(60) की मौत धनौती नदी के किनारे बंसवारी के पास शराब के धंधे में उपयोग में लायी जा रही झोपड़ी के पास ही हो गयी। जबकि चैलाहां बाबू टोला निवासी नन्दकिशोर ठाकुर (55) की मौत सदर अस्पताल में इलाज के क्रम में हो गयी। बंजरिया पुलिस ने रघुनाथ राम और नन्दकिशोर ठाकुर के शव का पोस्टमार्टम कराया।
शराबबंदी के बीच शराब से दो लोगों की मौत की सूचना पर एसपी नवीन चन्द्र झा, एएसपी अभियान हिमांशु गौरव, एसडीपीओ अरुण कुमार गुप्ता, इंस्पेक्टर आनंद कुमार ने घटना का जायजा लिया। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए घटना के बाद ही कांड के आरोपति शराब धंधेबाज नवल किशोर राय अपने मवेशी, ट्रैक्टर, कीमती सामान लेकर घर में ताला लगाकर फरार हो गया है।
पुलिस के अनुसार मृतक रघुनाथ राम के पुत्र रामबाबू कुमार ने नवलकिशोर राय पर जहरीली शराब पिलाकर उसके पिता को मार डालने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि उसके पिता सुबह साढ़े 6 बजे घर से स्वस्थ निकले थे। जबकि करीब 8 बजे सुबह उनके धनौती नदी के किनारे मरे होने की सूचना आई। 
रामबाबू ने बताया कि उसके पिता ने किसी से कोई पैसा नहीं लिया था और न ही उनकी किसी के साथ कोई दुश्मनी थी। रामबाबू ने बताया कि उसके पिता के साथ तीन और लोग थे जिनमें एक नन्दकिशोर ठाकुर की मौत हो गई। वहीं चिलवनिया के पंडित सहनी व बीरा सहनी की हालत खराब है, जिनकी तलाश की जा रही है।
वहीं सदर डीएसपी अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि मौत के मामले में रघुनाथ राम के पुत्र के बयान पर चार लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। इसमें नवल राय, नन्दकिशोर राय, रणजीत राय व चन्द्रकिशोर राय को नामजद किया गया है।
मृतक के पुत्र ने एफआईआर में शराब में जहरीली पदार्थ मिलाकर हत्या का आरोप लगाया है। आरोपित नवल राय के घर से मिली एक बोतल ताड़ी को एफएसएल जांच के लिए भेजा जाएगा। पुलिस जहरीली शराब से मौत के बिंदू पर भी जांच कर रही है। वैसे पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही खुलासा होगा। मामले में एक जयप्रकाश यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। सदर डीएसपी अरुण कुमार के नेतृत्व में अवैध शराब भट्ठी नष्ट करने का अभियान जारी है।
 - नवीन चंद्र झा, एसपी, पूर्वी चंपारण

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।