मोतिहारी: सिकरहना नदी ने लिया रौद्र रूप, लोगों ने NH को बनाया ठिकाना
संवाददाता दीपू कुमार गीरी /रजनीश कुमार (मोतिहारी)
मोतिहारी जिले में पिछले 3 दिनों से हो रही बारिश से कई नदियां उफान पर हैं. सिकरहना नदी का तांडव भी अब शुरू हो गया है. सुगौली नगर पंचायत क्षेत्र में सिकरहना का पानी लोगों के घरों में प्रवेश कर गया है. लोग अपने घरों से पलायन कर लोग सुगौली में ही मोतिहारी-रक्सौल एनएच 28 बी पर अस्थायी रूप से प्लास्टिक लगा कर रह रहे हैं.
बरसात और बाढ़ के कारण बेघर हुए लोगों ने बताया कि बीती देर रात से ही नदी का पानी घर में घुसने लगा था. ऊपर से बारिश भी हो रही थी. लेकिन अब तक कोई अधिकारी या नेता उनकी सुध लेने नहीं आया है. विस्थापित लोगों की मानें तो हर साल सिकरहना नदी के पानी में पूरा सुगौली नगर पंचायत डूब जाता है. लेकिन आज तक किसी ने भी सिकरहना नदी के तटबंध की मरम्मती को लेकर कोई काम नहीं किया.
बता दें कि बाढ़ का पानी सुगौली नगर पंचायत के वार्ड संख्या 1, 10, 11 और 12 में प्रवेश कर गया है. लोगों का अपने घरों में रहना मुश्किल हो गया है. जिस कारण वे घरों से पलायन कर एनएच पर प्लास्टिक तान कर रह रहे हैं. ऐसे में बच्चे और बुजुर्गों पर जान का खतरा मंडराने लगा है.

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।