Breaking News

Bihar: सीतामढ़ी में दारोगा को गोली मारने के बाद पिस्टल ले भागे थे अपराधी, पुलिस ने बरामद किया हथियार

 



बिहार के सीतामढ़ी जिले के दारोगा को गोली मारने के बाद अपराधी उनकी सरकारी पिस्टल और गोलियां लेकर भाग गए थे। पुलिस ने एक अभियुक्त की निशानदेही पर पिस्टल बरामद कर ली है। पुलिस ने दारोगा की हत्या के मामले में तीन नामजद और अन्य अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें दो नामजद पकड़े गए हैं, जबकि एक रंजन सिंह की लाश घटनास्थल से तीन-चार किलोमीटर की दूरी पर बरामद हुई थी।

पुलिस मुख्यालय के मुताबिक मेजरगंज के कुंआरी गांव में 24 फरवरी को हुई घटना के बाबत मेजरगंज थाना में कांड संख्या 34/21 दर्ज किया गया है। यह मामला रंजन सिंह, मुकुल सिंह, अभिषेक सिंह और अन्य अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुआ है। पुलिस के मुताबिक इन तीनों का विस्तृत आपराधिक इतिहास है। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत अपनी कार्रवाई शुरू करते हुए कुंआरी गांव के ही रहनेवाले मुकुल सिंह को गिरफ्तार किया। वहीं घटनास्थल से तीन-चार किलोमीटर की दूरी पर अभियुक्त रंजन सिंह का शव पाया गया। अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई थी। तीसरे अभियुक्त अभिषेक सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इसी की निशानदेही पर शहीद हुए दारोगा की पिस्टल भी बरामद कर ली गई। 

दारोगा दिनेश राम को दी गई अंतिम विदाई
मृत दारोगा के गांव मोतिहारी के लखौरा में एसपी मोतिहारी द्वारा शोक सलामी दी गई और सम्मान के साथ अंतिम संस्कार सम्पन्न कराया गया। पुलिस मुख्यालय के मुताबिक दारोगा दिनेश राम के आश्रितों को सेवांत लाभ के अलावा 10 लाख रुपए का अनुग्रह अनुदान और विशेष पेंशन हेतु त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा एससी-एसटी अधिनियम के तहत दिए जानेवाले अनुदान राशि का भुगतान के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।