12 साल की बच्ची ने तोड़ा सब्जी का पौधा, गुस्साए पड़ोसी ने मारपीट के बाद लगाई आग
बिहार के बेगूसराय में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां मामूली सी बात पर पड़ोसी ने केरोसिन का तेल डालकर एक बच्ची को आग के हवाले कर दिया। बच्ची को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि मासूम ने पड़ोसी के घर से सब्जी का एक पौधा उखाड़ दिया था।
इस बात को लेकर पहले पड़ोसी ने उसके साथ मारपीट की फिर उसपर केरोसिन तेल छिड़ककर आग लगा दी। घटना बरौनी थाना क्षेत्र के निंगा पंचायत के शिवरौना गांव में घटित हुई। बच्ची शुक्रवार को घर के बाहर खेल रही थी। इस दौरान उसने पड़ोस में रहने वाले सिकंदर यादव के घर में लगे कुंदरी के छोटे से पौधे को उखाड़ दिया।
पड़ोसी ने जब पौधे को उखड़ा हुआ देखा तो वह गुस्से में आग बबूला हो गया। इसके बाद आरोपी और उसकी पत्नी ने बच्ची को पकड़ लिया। पहले उसकी पिटाई की फिर उसे आग के हवाले कर दिया। आग लगने के बाद बच्ची छटछटाने लगी। दूसरे पड़ोसियों ने मासूम को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया।
घटना की सूचना मिलने पर बच्ची की मां भी अस्पताल पहुंच गई। उन्होंने बताया कि उनका पड़ोसी सिकंदर यादव से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। वहीं मामले पर बेगूसराय डीएसपी निशीत प्रिया ने बताया कि सब्जी का पौधा उखाड़ने को लेकर पड़ोसी पर जलाने का आरोप है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।