Army Recruitment in Bihar: फाैज में भर्ती कराने के नाम पर ठगी करने वाला अरेस्ट
सेना बहाली में अभ्यर्थियों को मेडिकल फिटनेस के नाम पर ठगी करते आर्मी इंटेलिजेंस यूनिट ने सैनिक अस्पताल के बाहर एक दलाल को खदेड़ कर पकड़ा और पूछताछ के बाद दानापुर पुलिस के हवाले कर दिया। गिरफ्तार बंटी कुमार सिंह के पास से फर्जी सेना के पारा कमांडो का आई कार्ड, सेना वर्दी में फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट, सिक्यूरिटी पास, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड, मोबाइल,बाइक व कई युवती के फोटो समेत सेना बहाली के फर्जी दस्तावेज बरामद किये गए हैं।
गिरफ्तार बंटी कुमार सिंह भोजपुर के बसंतपुर थाने के आरा मुफस्सिल का मूल निवासी है। बंटी के खिलाफ जहानाबाद जिले के करौना थाने के सेवनन निवासी रोशन कुमार ने दानापुर थाने में मामला दर्ज कराया है। रोशन ने बताया कि वह अपने दोस्त मसौढ़ी के चमौर निवासी देवव्रत कुमार के साथ सेना में भर्ती होने के लिए जनवरी 2021 में दानापुर छावनी क्षेत्र में घूमने आया था। इसी दौरान बंटी कुमार सिंह से मुलाकात हुई। बातचीत में बंटी ने बताया कि सेना में भर्ती कराने के एवज में एक अभ्यर्थी से आठ लाख रुपये लेता हूं। रुपए मिलने के बाद तीन माह के अंदर सेना में बहाली करा देते हैं। बंटी ने बताया कि दानापुर, जबलपुर,कोलकाता,दिल्ली में आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस व आर्मी अस्पताल में मेरे कई आदमी हैं, जो सेना में बहाली कराने में सहयोग करते हैं। मैं और देवव्रत भी सेना बहाली होने के लिए बंटी से बातचीत किए तो बंटी ने अपना आईएफएससी व बैंक का खाता नंबर दिया।
कैफे से निकलने के बाद ठगी का आभास हुआ
देवव्रत के मामा मनीष कुमार ने बंटी के खाता में 6000 हजार रुपये भेज दिये
और बताया कि तुम दोनों का 30-30 हजार रुपये 5 व 6 फरवरी को व अन्य तिथियों
को भेज दिया गया है। तुम दोनों जाकर बंटी से मिलो और अपनी नौकरी की बात
करो। हम दोनों दोस्त 1 मार्च को सगुना मोड़ आये और बंटी से मुलाकात किए।
इसी बीच बंटी ने मेडिकल फिटनेस पेपर दिया और बताया कि इसको तुम दोनों अपने
हाथों से भर कर दो। हम दोनों सगुना मोड़ स्थित एक साबर कैफे में फोटो
निकलवाने के लिए गये तो कैफे में बैठी महिला ने बताया कि एक आर्मी वाले आये
थे, जो इस फॉर्म का प्रिंट आउट निकलवा कर ले गए हैं। कैफे से निकलने के
बाद हम दोनों दोस्त को आभास हुआ कि ठगी के शिकार हो गये हैं। 2 मार्च को
बंटी से मोबाइल पर बात किए तो बताया कि तुम दोनों 3 मार्च को 11 बजे तक
मिलिट्री अस्पताल दानापुर पहुंचो वहां दोनों का मेडिकल होगा। जब मिलिट्री
अस्पताल के पास पहुंचे तो बाहर ही हम दोनों का चेकअप जांच करने लगे। इस
क्रम में हम दोनों को यह शंका हुआ कि अगर मिलिट्री अस्पताल के अंदर चेकअप
होता तो सही माना जाता है। इसके बाद मैंने आर्मी इंटेलिजेंस व दानापुर
पुलिस को बंटी के बारे में सारी जानकारी दे दी। इसके बाद आर्मी इंटेलिजेंस
ने बंटी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पारा कमांडो वर्दी की आड़ में बंटी करता था दलाली
खुफिया सूत्रों ने बताया कि बंटी सेना के पारा कमांडो की वर्दी पहनकर
युवकों को झांसे में लेने काम करता था। उसके मोबाइल में सेना के कई फर्जी
दस्तावेज मिले हैं,जो बिहार, कोलकाता,यूपी, न्यू दिल्ली,पंजाब,जबलपुर,जयपुर
समेत अन्य राज्यों के है। आरोपित बंटी सगुना मोड़ स्थित आरएन कंप्यूटर
सेंटर साइबर कैफे से आर्मी के मेडिकल फिटनेस समेत सेना बहाली का फर्जी
दस्तावेज तैयार करता था। सगुना मोड़ स्थित एक होटल में सेना बहाली के
अभ्यर्थियों के साथ मीटिंग करता था। अब तक बंटी दर्जनों अभ्यर्थियों से
करीब दो करोड़ 70 लाख रुपये की ठगी कर चुका है। गिरफ्तार बंटी ने पुलिस के
समक्ष स्वीकार किया है कि सेना बहाली का मुख्य सरगना कोलकाता के बीके सिंह व
राकेश हैं। उसके इशारे पर वह सेना बहाली के नाम पर बेरोजगार युवकों को ठगी
का शिकार बनाया करता है। बंटी के पास मिले कई युवतियों के फोटो के बारे
में बताया गया कि वह सेक्स रैकेट का धंधा भी संचालित करता है। मोबाइल से
युवतियों के अश्लील वीडियो भी मिले हैं। थानाध्यक्ष अजीत कुमार साहा ने
बताया कि बंटी के मोबाइल का सीडीआर खंगाल जा रहा है। उसके मोबाइल में कई
दलालों और जवानों के मोबाइल नंबर मिले हैं। इसकी भी जांच-पड़ताल की जा रही
है।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।