Bihar: साइबर अपराधियों की करतूत, महिला ASI के खाते से उड़ाये 53 हजार, सहकर्मी के बेटे पर शक, सट्टे में लगाया पैसा
सीवान में पदस्थापित महिला एएसआई राम दुलारी देवी के खाते से एक बार फिर शातिरों ने 53 हजार रुपए उड़ा दिये हैं। इससे पहले भी शातिर इनके खाते से कई बार में 2.50 लाख रुपए की निकासी कर चुके हैं। इस संबंध में एएसआई ने जनवरी में ही पीरबहोर थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। लिहाजा दूसरी बार शातिरों ने उनके खाते से रकम उड़ा दी।
दरअसल, रामदुलारी देवी पटना के उत्तरी मंदिरी में रहती हैं और उनका बैंक अकाउंट एसबीआई जेसी रोड शाखा में है। उनका कहना है कि 3 मार्च को उनके खाते से 53 हजार रुपये की निकासी की गई है, जबकि 4 नवंबर 2020 से 2 जनवरी 21 के बीच में शातिरों ने 2.50 लाख रुपए की निकासी की थी। उन्होंने कहा कि शातिरों के खिलाफ पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। बैंक भी ट्रांजेक्शन डिटेल नहीं देता है। मैं थाने का चक्कर लगा लगाकर थक चुकी हूं। शिकायत करने पर सिटी एसपी विनय तिवारी ने मामले को गंभीरता से लिया है। उनका कहना है कि पीड़िता को पूरे साक्ष्य, बैंक डिटेल आदि के साथ बुलाया गया है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित महिला एएसआई ने अपने सहकर्मी के बेटे पर ही खाते से रकम उड़ाने का शक जताया है। उनका कहना है कि पहली घटना से पूर्व उसने मेरा मोबाइल इस्तेमाल कर लिया था। अपने स्तर से जांच की तो पता चला कि सारा पैसा सीवान से ही निकला गया है। शातिर एक एप के माध्यम से उसी पैसे से क्रिकेट में सट्टा भी लगा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।