Breaking News

Bihar Panchayat Election: कैमूर में 227 नक्सल बूथ घोषित, पैरामिलिट्री फोर्स होंगे तैनात

 


जिला प्रशासन ने पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण व भयमुक्त वातारण में संपन्न कराने के लिए पहले से ही सुरक्षा खाका तैयार कर रहा है। चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं हो सके, इसको लेकर प्रशासन द्वारा पंचायत चुनाव में जिले में 169 भवनों में 227 बूथों को नक्सल प्रभावित के रुप में चिन्हित किया है। जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, डीएम व एसपी ने चिन्हित किए गए नक्सल बूथों पर अपनी मुहर लगा दी है। 

पंचायती राज कार्यालय द्वारा राज्य निर्वाचन आयोग के पास नक्सल बूथों की सूची भी भेज दी गई है। प्रशासन द्वारा जिले के नक्सल प्रभावित अधौरा प्रखंड में स्थित सभी बूथों को नक्सल प्रभावित घोषित किया गया है। जबकि भगवानपुर, रामपुर, चैनपुर व चांद प्रखंड में पहाड़ी क्षेत्रों में स्थित बूथों पर नक्सल मतदान केंद्र के रुप में चिन्हित किया गया है। प्रशासनिक सूत्रों की माने तो शान्तिपूर्ण माहौल में चुनाव संपन्न कराने के लिए सभी नक्सल बूथों पर पारा मिलिट्री फोर्स की तैनाती की जाएगी। 

अफसरों की रिपोर्ट पर बना नक्सल बूथ
भभुआ। पहाड़ी क्षेत्रों में शान्तिपूर्ण माहौल में पंचायत चुनाव संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सबसे पहले सभी बीडीओ व थानाध्यक्षों से मतदान केन्द्रों के बारे में रिपोर्ट मांगी थी। बीडीओ व थानाध्यक्षों द्वारा अपने स्तर से जांच कर नक्सल बूथों की सूची तैयार की गई। तब डीएसपी व एसडीओ द्वारा अपने स्तर से सूची के अनुसार बूथों का सत्यापन किया गया। द्वय अफसरों ने सत्यापन के बाद एसपी के पास अपनी रिपोर्ट सौंपी। एसपी ने अफसरों की रिपोर्ट पर सहमति जताते हुए डीएम के पास भेजा। इसके बाद डीएम व एसपी ने नक्सल बूथों पर अपनी अंतिम मुहर लगाई। 

लोगों की गतिविधि पर नजर रख रहा प्रशासन
पंचायत चुनाव को लेकर जिला प्रशासन अपनी तैयारी युद्ध स्तर पर कर रहा है। शान्तिपूर्ण व निष्पक्ष माहौल में चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रशासन अभी से ही संभावित उम्मीदवारों व असामाजिक तत्व के लोगों पर पैनी नजर रख रहा है। डीएम नवदीप शुक्ला व एसपी राकेश कुमार ने सभी बीडीओ व थानाध्यक्षों को मतदान केन्द्रों के आस-पास रहने वाले लोगों का मोबाइल नम्बर व नाम नोट करने का निर्देश दिया है, ताकि कभी भी आवश्यकता पड़ने पर उक्त लोगों से सीधा संपर्क किया जा सके। प्रशासन इस बात पर ध्यान दे रहा है कि संभावित उम्मीदवार अपने पक्ष में वोट करने के लिए कहीं मतदाताओं को डरा-धमका तो नहीं रहे हैं?

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।