Bihar Weather Update: बेतिया में आंधी-पानी के साथ गिरे ओले, घर के छप्पर टूटे, गेहूं समेत रबी की फसल को नुकसान
बिहार के बेतिया जिले के नरकटियागंज अनुमंडल क्षेत्र के कई गांवों में बुधवार की देर शाम में आंधी-पानी के साथ ओले भी पड़े। इससे गेहूं समेत रबी फसल को नुकसान पहुंचा है। गौनाहा प्रखंड में थोड़ी देर ओलावृष्टि हुई, लेकिन इतने ही समय में सड़क से खेत तक ओले से पट गये। ओले पड़ने से गौनाहा की भितिहरवा पंचायत सबसे अधिक प्रभावित हुई है। यहां बड़े-बड़े आकार के ओले गिरे, इससे कई लोगों के घर के छप्पर टूट गए। आम व सब्जी की फसल को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
श्रीरामपुर के दर्जनों ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव में कई जगहों पर दो सौ ग्राम वजन तक के ओले गिरे हैं। इधर, मैनाटांड़ में भी आंधी के साथ बारिश हुई। हालांकि आंधी-पानी ज्यादा देर तक नहीं रहा। इससे फसल समेत अन्य चीजों को नुकसान पहुंचने की सूचना है। वहीं सिकटा व योगापट्टी में भी बूंदाबांदी की सूचना है। आंधी-पानी व ओले पड़ने से जिले में मौसम ठंडा हो गया है। एक बार फिर से रात में लोगों को गुलाबी ठंड का एहसास हुआ।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।