Breaking News

गोपालगंज :- कोरोना से बचाव एवं टीकाकरण के प्रति समुदाय को जागरूक कर रहे हैं मस्जिदों के मौलाना



मस्जिदों में माइकिंग के माध्यम से दे रहे जागरूकता संदेश

नामाज के दौरान टीकाकरण के प्रति किया जा रहा है जागरूक

यूनिसेफ के सहयोग से जिले में चल रहा है अभियान



गोपालगंज । कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए हर एक आम व खास को मेहनत करनी होगी। यह नहीं सोचना कि मेरे अकेले के करने से क्या हो जाएगा। कारवां बनाने के लिए पहले एक इंसान को खड़ा होना पड़ता है। कोरोनाकाल में जरा सी लापरवाही जिंदगी के लिए भारी पड़ सकती है, ऐसे में हर किसी को जागरूक रहने के साथ सतर्क रहना होगा। स्वास्थ्य विभाग के द्वारा जिले में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में जिले के मस्जिदों के मौलाना भी शामिल हो गये हैं । नमाज के दौरान समुदाय को कोविड-19 टीकाकरण तथा संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस अभियान को यूनिसेफ के द्वारा सहयोग किया जा रहा है। जिले के कुचायकोट व बैकुंठपुर प्रखण्ड में यूनीसेफ बीएमसी हिमांशु कुमार और मुकेश कुमार के सहयोग से  मस्जिद के मौलाना के द्वारा नमाज के समय आमलोगों को कोरोना से बचाव के लिए शारीरिक दूरी का पालन, मास्क का उपयोग, साफ-सफाई रखने तथा अपनी बारी आने पर टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया गया। 


 नियमों का पालन करना हम सभी का कर्तव्य:

यूनिसेफ के जिला समन्वयक रूबी कुमारी ने बताया कि मस्जिद से ऐलान किया गया कि कोरोना वायरस का खतरा अभी बरकरार है। इससे देश को बचाने के लिए सरकार की ओर से दिशा निर्देश जारी किया गया है| उसका पालन करना हम सभी का कर्तव्य है। खुद के साथ अपने परिवार वालों को इससे बचाने के लिए जरूरत होने पर ही बाहर निकलें एवं भीड़ से दूर रहने का प्रयास करें। सर्दी खांसी व छींक होने पर रुमाल एवं मास्क का इस्तेमाल करें। अपने हाथों को बार-बार साबुन से धोएं। घरों एवं आसपास के क्षेत्रों को साफ रखें। बाहर से आने वाले व्यक्ति पर निगरानी रखें एवं बीमारी होने का संदेह होने पर उसका इलाज कराएं एवं नाम पंजीकरण कराएं ताकि उसका बेहतर इलाज हो सके एवं और लोग बीमार न हों। 


वायरस से बचाव के लिए वैक्सीन जरूरी:


कोरोना बीमारी से बचाने के लिए वैक्सीन लगाई जा रही है, लेकिन भ्रम की वजह से कुछ लोग वैक्सीन लगवाने से  कतरा रहे हैं, जबकि वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है। कोरोना वैक्सीन दो खुराक की है। पहली डोज के 28 दिन बाद दूसरी डोज दी जाती है। दोनों डोज लेना जरूरी है।


वैक्सीन लेने बाद भी एहतियात जरूरी:

वैक्सीन लेने के बाद भी लोगों को कोविड- 19 से बचाव के लिए जारी गाइड लाइन का पालन जारी रखना जरूरी है। क्योंकि, वैक्सीन लेने के तुरंत बाद ही कोविड- 19 का दौर खत्म नहीं होगा। इसलिए, एहतियात जारी रखना चाहिए। जिससे भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न नहीं हो और खुद के साथ पूरा समाज भी सुरक्षित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।