अफसर बनते ही बदले पति के तेवर, मारपीट कर पत्नी को घर से निकाला, जबरन कराया गर्भपात
बेरोजगार से अफसर बनते ही पति ने अपने तेवर बदल लिए और ससुराल से स्कॉर्पियो नहीं मिलने पर पत्नी को मारपीट कर घर से निकाल दिया। इतना ही नहीं स्कॉर्पियो नहीं देने पर पति ने दूसरी शादी रचाने की भी धमकी दी है। पति की प्रताड़ना से तंग आकर नालंदा जिले के सदर प्रखंड के गवय गांव की वर्षा रानी ने महिला थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
महिना ने मुकदमे में पति एवं ननद को आरोपित बनाया है। महिला थानाध्यक्ष वंदना कुमारी ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वर्षा रानी की शादी साल 2010 में जमुई के सिकंदरा थाना के धधौर गांव में भगीरथ सिंह के पुत्र विकास कुमार के साथ हुई थी।
शादी के समय युवक बेरोजगार था, लेकिन एक साल पहले ही प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी के रूप में बांका जिला में उसकी नौकरी लग गई है। पीड़िता ने बताया कि इसके बाद ही पति के तेवर बदल गए और वे मुझसे अपने मायके से स्कॉर्पियो लाने के लिए लगातार प्रताड़ित करने लगे। इतना ही नहीं पति और ननद ने एक दफा डॉक्टर से मिलीभगत कर उसका गर्भपात भी करा दिया है।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।