नेपाल जाने के सभी रास्तों पर होगी कोरोना जांच, संक्रमित मिलने पर होम आइसोलेशन में रहेंगे
कोरोना महामारी के बढ़ते हुए मामलों को लेकर बिहार में नेपाल से प्रवेश वाले इलाकों के सभी रास्तों पर कोरोना जांच शुरू होगी। नेपाल से सटे सात जिलों में कोरोना जांच को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गयी है। इन जिलों में पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढी, मधुबनी, सुपौल, अररिया व किशनगंज शामिल हैं। कोरोना संक्रमित पाए जाने वाले व्यक्तियों का नाम, पता व संपर्को की जानकारी एकत्र की जाएगी। साथ ही संक्रमित व्यक्ति को तत्काल होम आइसोलेशन में भेजा जाएगा और चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज किया जाएगा। गंभीर मरीजों को कोविड केयर सेंटर में भर्ती भी करने के निर्देश दिए गए है।
राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक मनोज कुमार ने बताया कि इन जिलों में भी कोरोना संक्रमितों की पहचान को लेकर रैंडम जांच के निर्देश दिए गए है। विशेष तौर पर होली के मौके पर बिहार आने वाले यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग करने के बाद कोरोना के लक्षण पाए जाने पर एंटीजेन किट से जांच किया जाएगा। समिति से मिली जानकारी के अनुसार होली के मद्देनजर राज्य के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों व बस स्टैंडों पर दूसरे राज्यों से आने वाले यात्रियों की कोरोना जांच की जा रही है।
वहीं, नेपाल के सीमावर्ती इलाकों में बस स्टैंड व सार्वजनिक स्थलों पर कोरोना जांच के लिए मेडिकल टीम तैनात की गयी है। इसके लिए सीमावर्ती इलाकों के प्रवेश वाले स्थानों के प्राथमिक चिकित्सा केंद्रों से मेडिकल टीम को कोरोना जांच में लगाने का निर्देश दिया गया है।
दूसरे राज्यों से आए अबतक 70 की पहचान, 170 नए संक्रमित
बिहार में दूसरे राज्यों से आने वाले यात्रियों में 12 मार्च से अबतक 70
व्यक्तियों की पहचान की गयी है। इनमें दूसरे राज्यों से आने वाले 14 नये
संक्रमितों की पहचान बुधवार को हुई। जबकि राज्य में पिछले 24 घंटे में कुल
170 नये संक्रमितों की पहचान की गयी।
सर्वाधिक 76 नये संक्रमितों की पहचान पटना में हुई। वहीं, अररिया में 10 व गया में 11 नये कोरोना संक्रमित मिले। राज्य के 38 में से 27 जिलों में ही कोरोना के नये संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य के 24 जिलों में दस से भी कम नये संक्रमित मरीज मिले। 11 जिलों में एक भी संक्रमित नहीं मिला। दो संक्रमितों की इलाज के दौरान मौत हो गयी।
राज्य में पिछले 24 घंटे में 56,232 सैंपल की जांच की गयी। पिछले 24 घंटे में राज्य में कोरोना संक्रमित 65 मरीज इलाज के बाद स्वस्थ हो गए। राज्य में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 726 हो गयी। जबकि राज्य में कोरोना संक्रमितों के स्वस्थ होने की दर 99.13 फीसदी है। समिति के अनुसार राज्य में अबतक 2,63,940 संक्रमितों की पहचान की गयी है। इनमें 2,61,648 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
विधायक कॉलोनी, बोरिंग रोड सरिस्ताबाद में 25 संक्रमित
पटना के तीन मोहल्ले में बुधवार को कोरोना विस्फोट हुआ। इन तीन मोहल्लों
में एक ही परिवार के और इनके करीब 25 से ज्यादा लोग संक्रमित मिले। इनमें
सरिस्ताबाद के एक ही परिवार के आठ लोग व कौटिल्य नगर, विधायक कॉलोनी से आठ
लोग संक्रमित पाए गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार सरिस्ताबाद 70 फीट रोड के
बुद्धिजीवी नगर के एक परिवार के आठ लोग, र्बोंरग रोड के 11 लोग, जिनमें
पांच एक ही परिवार के हैं। इसके अलावा कौटिल्य नगर विधायक कॉलोनी से आठ लोग
कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इन संक्रमितों के परिवार का कोई ना कोई सदस्य
बाहर से आया है अथवा चिकित्सा कार्य से जुड़ा है। सरिस्ताबाद के परिवार के
दो सदस्यों को पहले सर्दी-खांसी की शिकायत थी। जांच में वे संक्रमित पाए
गए।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।