Breaking News

गोपालगंज में सीना तानकर मुफ्त रेल यात्रा का मजा ले रहे यात्री , स्टेशनों पर मांगने पर भी नहीं मिल रहा टिकट

 


गोपालगंज, । हथुआ- भटनी रेलखंड पर ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों की बल्ले-बल्ले है। इस रुट पर डीएमयू ट्रेन में यात्री सीना तानकर मुफ्त में ट्रेन से सफर का मजा ले रहे हैं। उन्‍हें टीटीई या रेलवे के किसी भी अधिकारी द्वारा पकड़े जाने का भय नहीं है। इसका कारण है कि इस रेलखंड के किसी भी रेलवे स्टेशन पर टिकट नहीं मिल रहा है। टिकट नहीं मिलने से यात्री बिना टिकट के ट्रेन में सफर कर रहे हैं। वहीं रेल प्रशासन की गलती से रेलवे को लाखों रुपये के राजस्व का चूना लग रहा है।

लॉकडाउन के बाद अब शुरू हुआ परिचालन

कोरोना महामारी के कारण लॉकडाउन लगने के बाद 22 मार्च 2020 से हथुआ-भटनी रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन बंद कर दिया गया था। एक सप्ताह पूर्व हथुआ-भटनी रेलखंड पर फिर से डीएमयू ट्रेन का परिचालन शुरू किया गया। लेकिन इस रेलखंड के पंचदेवरी, बथुआ बाजार , फुलवरिया, सेलार खुर्द तथा लाइन बाजार सहित किसी भी स्टेशन पर टिकट नहीं मिल रहा है। टिकट काउंटर पर जाने पर टिकट नहीं होने की बात कही जाती है। हालांकि जिन यात्रियों को टिकट लेकर सफर करने की आदत है, वे बेटिकट सफर करने में हिचाकिचाहट महसूस कर रहे हैं।  मुफ्त में सफर करने के दौरान इन यात्रियों को आगे किसी दूसरे स्‍टेशन पर टिकट चेकिंग में पकड़े जाने का भय बना रहता है। वहीं जो यात्री बिना टिकट के चलने के आदी हैं, उनकी बल्ले-बल्ले है। वे बेधड़क मुफ्त में यात्रा कर रहे हैं, क्‍योंकि अब उनके पास टिकट नहीं लेने का ठोस कारण है।

दो-तीन दिनों में उपलब्‍ध होगा टिकट

इस संबंध में दूरभाष पर वाणिज्य निरीक्षक सिवान  गणेश यादव से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि तकनीकी खराबी के चलते हाल्ट स्टेशन से टिकट की बिक्री शुरू नहीं हो सकी है। दो तीन दिन के अंदर सभी स्टेशनों से टिकट की बिक्री शुरू हो जाएगी। 

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।