Breaking News

पटना:- अभी-अभी हावड़ा में क्रिस सर्वर में लगी आग, बिहार की पूरी रेल व्‍यवस्‍था ध्‍वस्‍त, टिकट रिजर्वेशन तक में परेशानी

 


पटना,  
हावड़ा स्थित क्रिस (Center for Railway Information System) के सर्वर में आग लगने से पूर्व मध्य रेल के पांचों मंडलों में आरक्षण कार्यालय समेत तमाम कंप्यूटरीकृत कार्यों में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पटना जंक्शन से ही नहीं अन्य स्टेशनों से खुलने वाली ट्रेनों में आरक्षण चार्ट तक प्रकाशित नहीं हो सका। सोमवार को दोपहर बाद से ही लिंक फेल रहने से किसी भी स्टेशन से आरक्षण टिकट तक नहीं निकल सका। यात्रियों को इंटरनेट से भी आरक्षित टिकट नहीं मिल पा रहा था। मंगलवार की सुबह में हैदराबाद से विशेष रूप से लिंक मिलने के बाद ट्रेनों के टिकट का आरक्षण शुरू हो सका। इतना ही नहीं मंगलवार की सुबह से ही ट्रेनों के आरक्षण चार्ट भी निकलने लगे।

एक साथ ठप हुई बुकिंग

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सोमवार को दिन में साढ़े तीन बजे के आसपास पटना जंक्शन समेत पूर्व मध्य रेल के तमाम स्टेशनों पर आरक्षित ही नहीं अनारक्षित व प्लेटफार्म टिकटों की बुकिंग बंद हो गई। एक साथ बुकिंग ठप होने पर जब क्रिस को सूचना दी गई तब पता चला कि क्रिस के सर्वर में ही आग लग गई है। इसके बाद से अफरातफरी मच गई। स्टेशनों के आरक्षण काउंटरों को बंद कर दिया गया। आईआरसीटीसी से भी आरक्षण टिकट की बुकिंग एवं रद करने का काम ठप हो गया। पूरी रात रेल अधिकारी परेशान रहे। रात में 1.30 बजे के बाद आईआरसीटीसी से टिकट की बुकिंग को चालू किया गया।

राजधानी एक्‍सप्रेस में भी चार्ट नहीं लगा

सोमवार को संपूर्ण क्रांति ही नहीं राजधानी एक्सप्रेस समेत तमाम ट्रेनों के चार्ट तक का प्रकाशन नहीं हो सका। इसके कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मंगलवार की सुबह 8 बजे हैदराबाद से स्पेशल लिंक लेकर आरक्षण व अनारक्षित टिकटों की बुकिंग के साथ ही चार्टिंग सिस्टम को शुरू किया गया। परंतु टिकट वापसी में यात्रियों को काफी परेशानी होते रही। बुधवार से सिस्टम के सुचारु होने की उम्मीद की जा रही है। मंगलवार को पटना से हावड़ा जाने वाली जनशताब्दी का चार्टिंग अप व डाउन में नहीं हो सका। हावड़ा राजेन्द्र नगर एक्सप्रेस का भी आरक्षण चार्ट नहीं निकल सका।

सोमवार से ही रही परेशानी

पूर्व मध्य रेल के मुख्य जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि क्रिस के सर्वर में आग लगने से सोमवार से ही लिंक बाधित हो गई थी। देर रात को ही हैदराबाद से लिंक मिलने के बाद आईआरसीटीसी से बुकिंग शुरू की गई। दूसरे दिन सुबह आठ बजे से टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी गई है। चार्टिंग सिस्टम भी चालू हो गया है। सोमवार की शाम से परेशानी हो गई थी। 

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।