Breaking News

बिहार में शराबबंदी को लेकर पप्पू यादव का बड़ा आरोप, शिक्षा व नौकरी देने की बजाय बच्चों को बना रहे डिलीवरी ब्वॉय

 


सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों मिलकर बिहार में शराब बेचवा रहा है। इसमें मंत्री, एमएलए और पुलिस वाले भी शामिल हैं। इससे सबसे ज्यादा क्षति महादलित परिवारों को हो रही है। सरकार इनके बच्चों को शिक्षा व नौकरी देने की बजाय डिलीवरी बॉय बना दी। ये बातें रविवार को जाप सुप्रीमो राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने मड़वन में सुजीत हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने के बाद कही। 

मृतक सुजीत के पिता सुनील राम को उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी उनके साथ है। उन्होंने सरकार से मृतक के परिजनों को सरकारी नौकरी व 20 लाख मुआवजा देने की मांग की। आरोपितों को स्पीडी ट्रायल चलाकर सजा दिलाने की भी मांग। मृतक की मां पूजा देवी को रोजगार करने के लिए 25 हजार की आर्थिक सहायता भी की। कहा कि दलितों की आवाज को दबाने के लिए प्रशासन ने मिलीभगत कर परिजन व आसपास के महादलितों पर केस करवा दिया है। 

पप्पू यादव ने कहा कि मंत्री रामसूरत राय के मामले में सरकार को सब जानकारी है। प्रशासन मंत्री के भाई को बचाने में लगा है। उन्होंने कहा कि अगर सभी नेताओं का ब्लड टेस्ट करवा दिया जाये तो एक सप्ताह के अंदर किन-किन लोगों ने शराब पी है सब पता चल जाएगा। लेकिन सरकार तो यह करवा नहीं सकती। इससे वह पूरी तरह बेनक़ाब हो जाएंगी।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।