Breaking News

बेउर जेल में डीएम की अगुवाई में छापेमारी, पूर्व मंत्री विजय कृष्ण के पास मिला मोबाइल और सिम कार्ड, केस दर्ज

 


पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की टीम के साथ बुधवार को अहले सुबह 5 बजे बेउर जेल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जेल के स्पेशल वार्ड में बंद पूर्व मंत्री विजय कृष्ण के पास से एक सिम कार्ड बरामद हुआ। विजय कृष्ण पर बेऊर थाने में केस दर्ज किया गया है। इसके अलावा एक डायरी भी मिली है, जिसमें कुछ खातों और 20 मोबाइल नंबर लिखे हैं। तलाशी के दौरान एक खाली कमरा से दो मोबाइल भी बरामद हुए हैं। 

वहीं, सुबह के वक्त हुई इस कार्रवाई के बाद जेल में हड़कंप मच गया। पुलिस ने जेल के सभी वार्डों की तलाशी ली। सभी कुख्यात अपराधियों के वार्डों को खंगाला गया। जेल में बने स्पेशल सेल की ओर भी पुलिस टीम गई थी। कुख्यात बंदियों से पूछताछ भी की गई है। जिलाधिकारी ने बैंक खाता एवं मोबाइल नंबर की संबद्धता की जांच करने तथा रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश पुलिस पदाधिकारियों को दिया है। जिलाधिकारी ने जेल मैनुअल के अनुसार सुरक्षा कड़ी करने का सख्त निर्देश दिया है। 

बता दें कि पिछले दिनों जेल में बंद सोना लूट के आरोपित सुबोध सिंह का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह साइबर अपराध के आरोपित कुणाल शर्मा को उठक-बैठक करवाते दिख रहा था। इस वीडियो के वायरल होने के बाद जेल प्रशासन पर सवाल उठने लगे थे। पुलिस ने सेल में बंद सुबोध से भी पूछताछ की। इसके अलावा रंगदारी मांगने के मामले में जेल में बंद डब्लू मुखिया से भी पूछताछ की गयी।

जेल गेट पर आधे घंटे तक इंतजार करती रही पुलिस
इधर, पुलिस टीम जब बेऊर जेल में छापेमारी करने निकली तो उसे आधे घंटे तक गेट पर ही इंतजार करना पड़ा। आधे घंटे बाद पुलिस जेल के अंदर घुस सकी। इसके बाद छापेमारी और तलाशी अभियान चला गया। सूत्र बताते हैं कि जान-बूझकर पुलिस टीम को जेल के गेट पर रोक कर रखा गया था। इस लापरवाही के कारण अंदर बंदियों को छापेमारी होने की खबर पहले ही मिल गई। इस कारण वे अलर्ट हो गये।

स्पष्टीकरण मांगा गया जेल उपाधीक्षक से 
जेल की तलाशी की सूचना दिये जाने तथा निकट में आवास रहने के बावजूद जेल उपाधीक्षक संजय कुमार आधा घंटा विलंब से जेल पहुंचे। इसीलिए कर्तव्य में लापरवाही को देखते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। जिलाधिकारी के साथ नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मिश्रा, जेल अधीक्षक सत्येंद्र कुमार, प्रभारी अनुमंडल पदाधिकारी पटना सदर धनंजय कुमार आदि मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।