मेडिकल की तैयारी कर रहे छात्र ने अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से कूदकर की आत्महत्या
शहर में मेडिकल की तैयारी कर रहे छात्र ने डीसी आवास से सटे झील नगर स्थित शब्या अपार्टमेंट के चौथे मंजिल से कूद कर आत्महत्या कर ली। मृतक आशुतोष कुमार उर्फ अंशु (20 वर्ष) पिता चंद्रिका राम छपरा, बिहार के रहने वाला था। पड़ोसियों ने बताया कि चंद्रिका कोडरमा में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में अभियंता के पद पर कार्यरत हैं। नौकरी के सिलसिले वह कोडरमा में रहते हैं। जबकि पूरा परिवार शब्या अपार्टमेंट में रहता है। आशुतोष राजस्थान के कोटा में रहकर मेडिकल की तैयारी कर रहा था। लॉकडाउन में वह घर आ गया था। दो सप्ताह पहले कोटा गया था। जहां से वह फिर हजारीबाग लौट आया। इसके बाद से वह काफी तनाव में था।
घटना की जानकारी मिलते ही लोहसिंघना थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। अस्पताल में परिजनों ने बताया कि मेडिकल में चयन नहीं होने के कारण वह तनाव में था। पटना से उसका इलाज भी चल रहा था। सोमवार को तीन बजे अपार्टमेंट की छत पर चला गया और छलांग लगा दी। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। अपार्टमेंट में रहने वाले पड़ोसी काफी दुखी हैं। जिसने भी यह घटना सुनी, वह सन्न रह गया।
ब्रेन साइंटिस्ट और मोटिवेटर डॉ. राहुल ने बताया, वास्तव में समस्या उतनी बड़ी होती नहीं जितना लोग समझ लेते हैं, मानव मस्तिष्क में रोजाना हजारों सोच उत्पन्न होती हैं, जिसमें से लगभग 90 प्रतिशत सोच नकारात्मक होती है। ऐसे में खुद को सकारात्मक रखना एक चैलिंजिग काम है और स्थिति ज्यादा नकारात्मक होने लगे, तुरंत मोटिवेटर या सकारात्मक लोगों से मिलें।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।