Breaking News

मुजफ्फरपुर। डीएम प्रणव कुमार ने जलवायु परिवर्तन से संबंधित कृषि कार्य करने के लिए किसानों से आह्वान किया।



मुजफ्फरपुर। डीएम प्रणव कुमार ने जलवायु परिवर्तन से संबंधित कृषि कार्य करने के लिए किसानों से आह्वान किया। मंगलवार को जिला कृषि टास्क फोर्स की बैठक में उन्होंने जीरोटिलेज/हैप्पी सीडर से गेहू की खेती करने के लिए प्रेरित करने का विज्ञानियों से आग्रह किया। वहीं निर्देश दिया कि कृषि समन्वयक एवं किसान सलाहकार सप्ताह में एक दिन पंचायतों में किसान चौपाल का आयोजन करें।

सूक्ष्म सिंचाई की कम उपलब्धि पर डीएम ने नाराजगी जताई। उर्वरक को लेकर डीएओ चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि सकरा, मोतीपुर, साहेबगंज एवं गायघाट में समिति की बैठक नही हुई है। यहां अविलंब बैठक कराने का निर्देश दिया। जिले में 1871 किसानों ने कृषि यंत्रों के लिए आवेदन दिए। इसमें 427 किसानों ने यंत्र का क्रय किया है।

 जिले में जल संचयन संरचना निर्माण हेतु 208 लक्ष्य के विरुद्ध 21 किसानों ने कार्य पूर्ण कर लिया है। राज्य स्तर से निर्धारित मॉडल में जिले के लिए दो मॉडल ही उपयोगी हैं। डीएम ने निदेश दिया गया कि फसल कटाई के तुरंत बाद उक्त कार्य को पूर्ण करा लिया जाए। जिला मत्स्य पदाधिकारी ने सुझाव दिया कि उक्त योजना को मछली पालन से जोड़ने पर किसानों को अतिरिक्त आय प्राप्त हो सकती है।

डीएओ ने बताया कि खरीफ 2020 में फसल क्षति अनुदान के लिए 2,20,799 किसानों ने आवेदन किया। इसमें 2,11,105 के खाते में अनुदान भुगतान किया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में 5,64,248 आवेदनों में 4,57,094 स्वीकृत किया गया है। डीएम ने लंबित आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित कराने को कहा।

एलडीएम ने बताया कि जिले में लक्ष्य 46,235 के विरुद्ध 7,548 केसीसी के आवेदनों की स्वीकृति प्रदान की गई है। डीएम ने निदेश दिया कि जमाबंदी विभाजन के आधार पर अधिक से अधिक किसानों को केसीसी उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

डीएम ने जिले में अंतरवर्ती फसल (हल्दी, अदरक, ओल) लगाने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने को कहा। जिला मत्स्य पदाधिकारी ने बताया गया कि जिले में 06 हेचरी हैं। जून, जुलाई में वर्षा प्रारंभ होते ही मछली जीरा का वितरण कार्य किया जाएगा। डीएम ने कहा कि अगली बैठक से कुक्कुट पालन से संबंधित पदाधिकारी भी भाग लेंगे। बीएओ पारू ने बताया कि ई-किसान भवन पारू में एसएसबी के जवान के ठहरने के कारण कृषि कार्य उक्त भवन में नहीं हो रहा है। डीएम ने निर्देश दिया कि अगली बैठक में एसएसबी के जवानों को किस स्थान पर स्थानांतरित किया जाए इसकी सूचना देना सुनिश्चित करें। विज्ञानी डॉ. केके सिंह और डॉ. मोतीलाल मीना ने खेती की नई तकनीक की जानकारी दी।


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।