बकाया तीन सौ रुपए नहीं मिले तो महिला ने ठेकेदार को बीच सड़क चप्पल से पीटा
नगर थाना क्षेत्र में जामा मस्जिद के समीप रविवार की सुबह एक महिला ने मजदूरी के पैसों का भुगतान नहीं करने पर एक व्यक्ति को चप्पलों से पीट दिया। महिला चंद्रावती देवी चिरैला पौथू की रहने वाली है। उसने सदर प्रखंड के नेतलाल बिगहा निवासी अशोक कुमार पर मजदूरी के तीन सौ रुपए नहीं देने का आरोप लगाया।
महिला रविवार को उक्त व्यक्ति को ढूंढते हुए यहां पहुंची थी और पैसे के बारे में पूछताछ की। उसने कहा कि पैसे का भुगतान हो गया है जिसके बाद महिला ने चप्पल खोल कर उसे पीटना शुरू कर दिया। काफी समय तक वह चप्पलों से ताबड़तोड़ वार करती रही। इसके बाद यहां सैकड़ों लोगों की भीड़ लग गई।
लोगों ने समझाने बुझाने का प्रयास किया लेकिन महिला लगातार चप्पल बरसाए जा रही थी। स्थानीय लोगों द्वारा बीच-बचाव करने पर किसी तरह मामला शांत हुआ। महिला ने कहा कि अशोक के द्वारा उससे मजदूरी कराई गई थी और उसके तीन सौ रुपए उसने नहीं दिए। पैसों की मांग करने पर वह टाल-मटोल कर रहा है। इधर आरोपी अशोक ने कहा कि उसने पैसे का भुगतान कर दिया है और महिला बेवजह आरोप लगा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।