Breaking News

बड़बिल रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी के इंजन में लगी आग, तीन घंटे की मशक्कत के बाद काबू

 


बड़बिल, । दक्षिण- पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल डिवीजन के अंतर्गत राजखरसावां-बोलानी रेलखंड में पड़नेवाले ओडिशा के बड़बिल रेलवे स्टेशन से गुजर रही एक मालगाड़ी के इंजन में अचानक आग लग गयी। इंजन से आग की लपट और धुआं उठता देख प्लेटफार्म पर अफरा-तफरी मच गयी। घटना गुरुवार दोपहर सवा दो बजे की है। दमकल कर्मियों ने करीब तीन घंटे कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में किया।

बताया जा रहा है कि खाली मालगाड़ी बड़बिल स्टेशन की लाइन नंबर दो से बोलानी खदान की ओर जा रही थी। इसी क्रम में मल्टी लोको के दूसरे इंजन में आग लग गयी। प्रत्यक्षदर्शियों रेलकर्मियों से मिली जानकारी के अनुसार सिग्नल मिलने के क्रम में मालगाड़ी जब बड़बिल रेलवे स्टेशन के निकट पहुंचनी तो लोको के एक्सेल से धुआं निकलते देखा गया। इसकी सूचना तुरंत स्टेशन मैनेजर को दी गयी। स्टेशन मैनेजर ने तुरंत अग्निशमन विभाग से संपर्क कर जानकारी दी। अग्निशमन दल ने संध्या साढ़े पांच बजे आग पर काबू पा लिया। इसी बीच रेलवे के ओएचई विभाग के अधिकारी ने बड़बिल रेलवे स्टेशन पहुंचकर घटना की जानकारी ली। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना लोको के बीच में फैले विशाल सर्किट में आग लगने से हुई है। वहीं, ओएचई अधिकारी से आग लगने का कारण पूछने पर उनका कहना था कि आग बुझने के बाद जांच करने पर ही सही कारण बताया जा सकता है। इंजन को रेलवे ट्रैक से हटा दिया गया है।



कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।