Breaking News मोतिहारी के रामगढ़वा में पटरी से उतरी मालगाड़ी, घंटों बाधित रही सुगौली रक्सौल रेल लाइन
रामगढ़वा रैक प्वाइंट से अनलोड होकर सुगौली की तरफ जा रही मालगाड़ी शनिवार को शाम करीब चार बजे 54 नंबर पैट के सामने पटरी से उतर गई। जिसके कारण सुगौली रक्सौल रेल लाइन घंटों बाधित रही। इससे आनंद बिहार से रक्सौल आने वाली सत्याग्रह एक्सप्रेस का परिचालन भी बाधित हुआ।
जानकारी के अनुसार मालगाड़ी अनलोड होकर सुगौली की ओर जा रही थी कि इसी क्रम में यह घटना हुई। इसकी जानकारी ड्राइवर को भी नहीं हुई। इसको रेल लाइन के किनारे खड़े लोगों ने देखा। लोगों के शोर करने के बाद ड्राइवर ने माल गाड़ी को रोका। तब तक करीब 200 मीटर तक मालगाड़ी घसीटते हुए आगे बढ़ गई थी।
मालगाड़ी के डिरेल होने के बाद आनंद विहार से रक्सौल आने वाली सत्याग्रह एक्सप्रेस को नरकटियागंज से सिकटा होकर चलाया गया। वहीं रक्सौल से नरकटियागंज जाने वाली डेमू सवारी गाड़ी भी घंटों लेट हो गई। लाइन ठीक होने के बाद डेमू वाया रामगढ़वा सुगौली होते हुए नरकटियागंज के लिए खोले जाने की तैयारी देर शाम तक होती रही। स्टेशन अधीक्षक राजेश कुमार दास ने बताया कि रेलवे ट्रैक को क्लियर करने का काम चल रहा है। जिसके बाद डेमू ट्रेन रामगढ़वा होकर रवाना होगी। फिलहाल डेमू गाड़ी रक्सौल में खड़ी है।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।