Breaking News

जिस भाई को बहन ने बांधी थी राखी, वही बना उसका दुश्मन, दो बीघा जमीन के लिए कर दी हत्या

 


थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर गांव में बुधवार की सुबह एक सगे भाई ने अपनी बहन की जमीन के लिए गोली मारकर हत्या कर दी और मौके पर से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल की। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गयी है।

जानकारी के अनुसार अकबरनगर थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर गांव निवासी इंद्रदेव यादव के घर जमीन विवाद को लेकर बुधवार सुबह करीब दस बजे भाई ने अपनी बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

ग्रामीणों ने बताया कि इंद्रदेव यादव अपनी बेटी गुंजन देवी (मसोमात 30) को कोई नहीं रहने के कारण दो बीघा जमीन देने की चर्चा कर रहा था। यह बात इंद्रदेव यादव के पुत्र को नागवार गुजरी। बुधवार को अपनी बहन को दो बीघा जमीन देने की बात को लेकर पिता व दोनों पुत्र में विवाद हो गया।

विवाद के दौरान पिता से पुत्र दीपक कुमार ने मारपीट की। इतना ही नहीं एक भाई ने अपनी सगी बहन गुंजन देवी को गोली मार कर मौत के घाट उतार दिया। गोली महिला के सीने के पास लगने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर अकबरनगर थानाध्यक्ष शंभु कुमार पासवान दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी। 

पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया। महिला के पिता इंद्रदेव यादव ने पुलिस को बताया कि शादी के कुछ दिन बाद ही बेटी विधवा हो गई थी। तब से वह यहीं रह रही थी। पति नहीं होने से दो बीघा जमीन अपनी बेटी को देने की घर में चर्चा हो रही थी। 

इसे लेकर विवाद हो गया। बुधवार को मेरे पुत्र दीपक कुमार ने पुत्री गुंजन देवी पर गोली चला दी। जिसके कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इधर घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में यह खबर आग की तरह फैल गई। घटना को लेकर गांव में हड़कंप मचा हुआ है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल व्याप्त है।

थाना प्रभारी शंभु कुमार पासवान ने बताया कि घटना को लेकर पिता के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर किया गया है। प्रथम दृष्टया घटना का कारण जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।