Breaking News

India vs England: रोहित शर्मा ने पूछा-विकेट के पीछे इतना शोर क्यों मचाते हो? ऋषभ पंत ने दिया दिल जीतने वाला जवाब

 


भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने शुक्रवार को इंग्लैंड के खिलाफ मुश्किल परिस्थितियों में धमाकेदार शतक जड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। जब पंत बल्लेबाजी करने आए, उस समय टीम 80 रनों पर ही चार विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी। उन्होंने सातवें विकेट के लिए ऑफ स्पिनर वॉशिंगटन सुंदर के साथ शतकीय साझेदारी करके भारत को पहली पारी में बढ़त लेने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मैच के बाद रोहित शर्मा ने दोनों क्रिकेटरों से काफी बात की। यहां रोहित ने पंत से पूछा कि लोग कह रहे हैं कि वे स्टम्प के पीछे इतना शोर क्यों मचाते हैं। इस पर पंत के जवाब ने काफी लोगों का दिल जीत लिया है।

पंत ने इस पर कहा कि, ''मैं अपना गेम खेलना पसंद करता हूं। ऐसा करने से टीम की एनर्जी बनी रहती है। मैं चाहता हूं कि टीम की किसी तरीके से मदद हो जाए, बस यही दिमाग में चलता रहता हूं।'' मैच खत्म होने के बाद पंत ने कहा कि मेरे खेलने का अंदाज यही है कि मैं स्थिति के अनुसार खेलता हूं और गेंद देखने के बाद उसकी मेरिट पर उस पर प्रहार करता हूं। मैं अपनी क्रिकेट खेलना चाहता हूं और टीम को जिताना चाहता हूं। यदि मेरी पारी से दर्शकों का मनोरंजन होता है तो यह मेरे लिए सबसे बड़ी खुशी है।

मैच में 49 रनों की अहम पारी खेलने वाले रोहित के साथ बल्लेबाजी करने पर पंत ने कहा कि, ''जब मैं और रोहित भाई खेल रहे थे तो हमारी योजना एक पार्टनरशिप बनाने की थी। पिच पर कुछ देर जमने के बाद मैंने अपने शॉट खेलने का फैसला किया। कई बार जब गेंदबाज अच्छी गेंदबाजी कर रहा होता है तो आपको उसकी गेंदों को सम्मान देना होता है। यदि खराब बॉल मिले तो आप उस पर प्रहार कर सकते हैं। मेरे दिमाग में यही बात थी।''

मैच के बाद रोहित ने पंत की बल्लेबाजी शैली पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि ऋषभ पंत की आक्रामक बल्लेबाजी शैली से टीम मैनेजमेंट को तब तक कोई परेशानी नहीं है जब तक वह अपना काम ठीक तरीके से कर रहे हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच के दूसरे दिन के खेल के बाद शुक्रवार को कहा कि इस तरह से बल्लेबाजी करते हुए पंत जब असफल हों तो लोगों को उनकी आलोचना करने में कमी करनी चाहिए।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।