Breaking News

बिहार पंचायत चुनाव में गड़बड़ी फैलाने वालों पर कसे शिकंजा, क्राइम मीटिंग में SSP ने थानेदारों को दिए निर्देश

 


सड़कों पर बाइक व स्कूटी पर तीन सवारी चलने वालों की अब खैर नहीं होगी। चौक-चौराहों पर तैनात पुलिस ऐसे वाहनों को पकड़ेगी। बाद में उन्हें थाने लाकर सत्यापन किया जाएगा। जांच में यदि कोई संदिग्ध व अपराधी प्रवृत्ति का पाया जाएगा तो पुलिस उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बाइक व स्कूटी भी जब्त कर लेगी। रविवार को क्राइम मीटिंग के दौरान एसएसपी उपेंद्र शर्मा ने सभी थानेदारों को सख्त निर्देश दिया। कहा कि कोई भी तीन सवारी जाते दिखे तो उसे सख्ती के साथ पकड़ा जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

महाशिवरात्रि व होली पर नहीं कर सकेंगे हुड़दंग
महाशिवरात्रि व होली पर कोई भी हुड़दंग नहीं कर सकेगा। महाशिवरात्रि के जुलूस पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। इस दौरान आतिशबाजी व शस्त्रों के प्रदर्शन पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। एसएसपी ने कहा है कि जहां-जहां से जुलूस निकलता है, उसकी सूची तैयार कर ली जाएगी। यदि कहीं पर जुलूस आदि निकलने पर गतिरोध व विवाद हो तो समय रहते उसे सुलझाया जाए। 

पंचायत चुनाव के मद्देनजर कसें शिकंजा
एसएसपी ने साफ कहा है कि पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए अभी से ही अपराध रोकने व अपराधियों के खिलाफ शिकंजा कसने को हर स्तर पर कड़े कदम उठाये जाएं। शांतिभंग की आशंका से जुड़े लोगों को पाबंद किया जाए। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ ही लंबित मामलों में कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। शराब तस्करों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज करें। यही नहीं जिन थाना क्षेत्रों में हाल के दिनों में लूट, चोरी, छिनतई, हत्या आदि की घटनाएं हुई हैं, उनमें संलिप्त अपराधियों की हरहाल में गिरफ्तारी करें। क्राइम मीटिंग में सिटी एसपी सेंट्रल विनय तिवारी, सिटी एसपी पूर्वी जितेंद्र कुमार समेत सर्किल के डीएसपी व थानेदार मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।