Breaking News

महाराष्ट्र से बिहार पहुंची तीन ट्रेनों की कोविड- 19 जांच में मिले 33 कोरोना संक्रमित पैसेंजर्स

 

महाराष्ट्र से बिहार आने वाली तीन ट्रेनों में कुल 33 कोरोनावायरस मरीजों की पहचान हुई है। पटना जंक्शन पर शनिवार की अहले सुबह 2:00 बजे से रेल यात्रियों की जांच शुरू की गई जिसमें कुल 24 कोरोनावायरस से संक्रमित मिले। लोकमान्य तिलक टर्मिनल से पटना आने वाली गाड़ी संख्या 03202 के कुल 606 यात्रियों की जांच कराई गई जिसमें से 24 कोरोनावायरस संक्रमित पाए गए।

वहीं दोपहर में लोकमान्य तिलक टर्मिनल से चलकर पटना के रास्ते गुवाहाटी जाने वाली गाड़ी संख्या 05645 के कुल 120 यात्रियों की जांच कराई गई। इसमें से 7 रेलयात्री कोरोनावायरस से ग्रस्त मिले। वही छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल से पटना आने वाली गाड़ी संख्या 03260 के कुल 152 यात्रियों की जांच कराई गई जिसमें से दो लोग कोरोनावायरस से संक्रमित पाए गए। पटना जंक्शन पर शनिवार को तीन ट्रेनों में कुल 33 लोग संक्रमित पाए गए हैं। सभी संक्रमित मरीजों को होटल पाटलिपुत्र अशोक में आइसोलेशन सेंटर में भेज दिया गया है। 
 

मुंबई से आज आएगी स्पेशल ट्रेन 
महाराष्ट्र से स्पेशल ट्रेन की कड़ी में रविवार की दोपहर पाटलिपुत्र जंक्शन पर पहली ट्रेन पहुंचेगी। यह दानापुर मंडल में आने वाली दूसरी ट्रेन होगी। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल से पाटलिपुत्र के रास्ते यह ट्रेन दरभंगा को जाएगी। शाम 6:50 पर यह ट्रेन दरभंगा स्टेशन पहुंचेगी। वहीं पाटलिपुत्र जंक्शन पर भी इस ट्रेन का ठहराव होगा। यहां उतरने वाले यात्रियों की कोरोना जांच होगी।


अब तक का सर्वाधिक 3469 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान 
बिहार में कोरोना का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। कोरोना संक्रमण के मामले में तेजी से बढ़ते मामलों के बीच शनिवार को इस वर्ष का अब तक का सर्वाधिक 3469 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई। इसके पूर्व 15 अगस्त 2020 को राज्य में 3536 नए संक्रमितों की पहचान की गई थी। पिछले 24 घंटे में 95,112 सैम्पल की कोरोना जांच की गई। वहीं, 822 संक्रमित मरीज इलाज के बाद स्वस्थ हो गए, जबकि छह कोरोना संक्रमितों की इलाज के दौरान मौत हो गयी। एक दिन पूर्व मिले कोरोना संक्रमितों की तुलना में शनिवार को 69.5 फीसदी की रिकार्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई। एक दिन पूर्व राज्य में 2174 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई थी। राज्य में इसके साथ ही कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 11,998 हो गयी।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।