अमनौर - कार से कुचलकर बच्चे की मौत, सड़क पर उतरे दुकानदार
अमनौर बाजार स्थित एसएच-104 पर शनिवार को अनियंत्रित इनोवा कार ने पांच वर्षीय बच्चे को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। परिजन व स्थानीय लोग छोटे बच्चे को आनन -फानन में पीएचसी ले गये थे जहां चिकित्सक ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया । मृतक स्थानीय राकेश चौरसिया का पुत्र प्रियांशु कुमार बताया गया है। इधर घटना से आक्रोशितों बाजारवासियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं व सड़क पर आ गये । कुछ घंटों के लिये सड़क पर आवाजाही बंद हो गयी। जहां एक तरफ परिजनों के रूदन -क्रन्दन व चीख पुकार से पूरा वातावरण गमगीन हो रहा था वहीं आक्रोशित लोग दुर्घटना करने वाली कार को जब्त करने व चालक को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे।
अपने घर के सामने ही खड़ा था बच्चा
घटना के संबंध में बताया जाता है कि गोलू अपने घर के सामने खड़ा था तभी तरैया की तरफ तेज गति से जा रही इनोवा कार ने सड़क किनारे खड़े गोलू को कुचल दिया। आसपास खड़े लोग अवाक रह गये । शोर मचाया पर चालक गाड़ी लेकर भागने में सफल रहा । इधर स्थानीय लोग सड़क किनारे बच्चे को तड़पते देख फौरन ही उसे उठा कर पीएचसी ले गये पर उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया था। सूचना पाकर थानाध्यक्ष सुजीत कुमार पुलिस बल के साथ घटना स्थल पहुंचे । साथ ही घटना से संबंधित कार को पकड़ने को लेकर कई थानों में सूचना दी । सीसी टीवी फुटेज खंगाला। थानाध्यक्ष सुजीत कुमार के साथ मौके पर मौजूद बीडीओ विभु विवेक सहित भाजपा नेता प्रियरंजन युवराज, विजय विद्यार्थी, विजय शर्मा व आदि घटना से आक्रोशितों लोगों को समझा कर जाम हटवाया। बीडीओ ने परिजनों को सांत्वना दी व परिवारिक लाभ योजना से 20 हजार रुपये आर्थिक सहायता प्रदान की। मुखिया पति विजय विद्यार्थी ने कबीर अंत्येष्टि योजना से तीन हजार रुपये दिये। घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था । पिता राकेश चौरसिया दूसरे प्रदेश में हैं। मां किरण देवी बेटे की मौत के गम में रो -रो कर मुर्छित हो जा रही थी। वही दादा सिपाही भगत अपने प्यारे पोते की शव देख बिलख -बिलख रो रहे थे ।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।