Breaking News

बिहार में कोरेाना विस्फोट: होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों की लापरवाही से भी बढ़ रहा संक्रमण

 


बिहार की राजधानी में होम आइसोलेशन में रह रहे कोरोना संक्रमित मरीजों द्वारा बरती गई लापरवाही के कारण लोगों में संक्रमण की रफ्तार तेज हो गई है। पटना जिला प्रशासन द्वारा स्थापित कंट्रोल रूम द्वारा जब मरीजों की स्थिति की जानकारी ली गई तो इसका खुलासा हुआ। दरअसल, जिला प्रशासन मरीजों के कॉन्ट्रैक्ट ट्रेसिंग के लिए ऐसे लोगों को चिह्नित किया जा रहा है, जो संक्रमित लोगों के संपर्क में थे। छानबीन में पता चला कि होम आइसोलेशन में रहने वाले लोग कोविड-19 के मानक का पालन नहीं कर रहे हैं। वे अपने ही परिवार में संक्रमण फैला रहे हैं। 

बाढ़ प्रखंड में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें एक परिवार में एक व्यक्ति संक्रमित था। उस मरीज की निगरानी की जा रही थी, लेकिन 4 दिन बाद पूरे परिवार के सदस्य इस बीमारी की चपेट में आ गए। अधिकारियों ने जानकारी ली तो पता चला कि होम आइसोलेशन में रहने वाला व्यक्ति किसी प्रकार का परहेज नहीं कर रहा था। ऐसा ही मामला मसौढ़ी और पालीगंज प्रखंड में भी सामने आया है, जबकि इससे पहले पटना सदर अनुमंडल के कई इलाकों में ऐसी शिकायत मिल चुकी थी। डीएम ने स्वास्थ्य अधिकारियों को कहा है कि होम आइसोलेशन में रहने वाले लोगों को पंचायत एवं गांव स्तर पर अब निगरानी कराएं ताकि संक्रमण कम किया जा सके।

3 हजार से अधिक लोग होम आइसोलेशन में
पटना जिले में 3 हजार से अधिक लोग होम आइसोलेशन में हैं। इनमें कुछ ऐसे लोग भी हैं जो मरीजों के संपर्क में थे तथा जिनकी जांच रिपोर्ट गई है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे संदिग्ध लोगों को भी किसी के संपर्क में नहीं आने को कहा गया है, जब तक कि उनकी रिपोर्ट नहीं आ जाए।

ढाई सौ से अधिक बच्चे बीमार
कोरोना वायरस का प्रकोप बच्चों में भी तेजी से बढ़ रहा है। वर्तमान समय में पटना में लगभग ढाई सौ बच्चे इस बीमारी की चपेट में हैं। शुरुआती दौर में 14 साल से कम उम्र के 60 बच्चे संक्रमित हुए थे।

श्राद्ध में गए 20 लोग हुए संक्रमित
कंकड़बाग में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों के होश उड़े हुए हैं। एक सप्ताह पहले कंकड़बाग में एक श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल हुए 25 लोगों में से 20 कोरोना संक्रमित हो गए हैं। सभी की पहचान कर ली गई है तथा उन्हें होम आइसोलेशन में रहने को कहा गया है। इस घटना के बाद लोगों को ऐसे आयोजनों में शामिल होने से बचने की सलाह दी गई है।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।