बेगूसराय में दबंगों ने युवक की गोली मारकर की हत्या, लोगों में आक्रोश, छावनी में तब्दील गांव
बिहार के बेगूसराय में दबंगों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से नाराज लोगों ने 10 घंटे से अधिक समय तक शव को रोक कर बदमाशों की गिरफ्तारी और वरीय पुलिस अधिकारी को बुलाने की मांग करते रहे। फिलहाल घटनास्थल पर कई थानों की पुलिस के साथ तेघड़ा डीएसपी ओमप्रकाश मौजूद हैं । लेकिन आक्रोशित लोग शव को उठाने नहीं दे रहे। वारदात जिले के तेघड़ा प्रखंड की है।
बताया जाता है कि गौरा गांव निवासी बलराम ठाकुर के बेटे और विजय पासवान के बेटे के बीच मंगलवार की दोपहर किसी बात को लेकर मारपीट हुई थी। इसको लेकर दोनों पक्षों की ओर से तेघड़ा थाना में आवेदन दिया गया था। घटना के बाद आरोप है कि बलराम ठाकुर अपने कई सहयोगियों के साथ मंगलवार की रात विजय पासवान के मोहल्ला पहुंचा और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान विजय पासवान के पड़ोसी टुनटुन पासवान को ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए गोली मारकर हत्या कर दी। फिलहाल गांव में तनाव की स्थिति है। कई थानों की पुलिस मौके पर कैम्प कर रही है। डीएसपी के द्वारा लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास किया जा रहा हैं। घटना की जानकारी मिलने पर तेघड़ा के विधायक रामरतन सिंह घटनास्थल पर पहुंच कर पीडि़त परिवार से मिले।
विधायक ने पुलिस को निष्पक्षतापूर्ण जांच कर दोषियों को गिरफ्तार करने की अपील की। डीएसपी ओमप्रकाश ने बताया कि आपसी विवाद के कारण यह हत्या हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दोषियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी भी की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।