Breaking News

कोरोना वैक्सीन लगवाने वालों के लिए खुशखबरी, यहां दिया जा रहा सोना

 


कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ज्यादा से ज्यादा लोगों का टीकाकरण करने की कोशिश कर रही है। अभी 45 साल से अधिक उम्र वालों को टीका लगाया जा रहा है और सरकार की अपील है कि जिनकी उम्र 45 से अधिक है, वे जरूर टीका लगवाएं। टीकाकरण अभियान देश में तेजी से चल रहा है और अभी तक आठ करोड़ से अधिक लोगों को वैक्सीन लग भी चुकी है। इस बीच, गुजरात के राजकोट में लोगों को सोने की नोज पिन दी जा रही है। 

ज्यादा से ज्यादा लोग कोरोना का टीका लगवाएं, इसके लिए राजकोट में महिलाओं को सोने की नोज पिन और पुरुषों को हैंड ब्लेंडर दिया जा रहा है। कुल 751 महिलाओं को नोज पिन दी गई है और हैंड ब्लेंडर्स पाने वाले पुरुषों की संख्या 580 है।

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, राजकोट की ज्वेलर कम्युनिटी ने लोगों को गिफ्ट देने का अभियान शुरू किया है। कम्युनिटी ने शहर के सोनीबाजार के किशोर सिंहजी प्राइमरी स्कूल में लगाए गए वैक्सीनेशन कैंप में लोगों को ये गिफ्ट बांटे। इसमें गोल्ड नोज पिन और हैंड ब्लेंडर्स शामिल थे। इसके पीछे की वजह ज्यादा से ज्यादा लोगों को कोरोना का टीका लगवाना है।

अन्य राज्यों की ही तरह गुजरात में भी कोरोना वायरस के नए मामले काफी तेजी से बढ़ रहे हैं। पिछले एक दिन में 3160 नए केस सामने आए हैं और 15 लोगों की मौत भी हुई है। इस दौरान दो हजार से अधिक लोग बीमारी से ठीक भी हो गए। राजकोट की बात करें तो यहां पर पिछले 24 घंटे में 283 नए मामले मिले हैं। 

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।