Breaking News

दिल्ली में COVID-19 के मामलों में वृद्धि का कारण वायरस का यूके वैरिएंट? एनसीडीसी चीफ ने कही ये बात



 COVID-19 UK Variant : दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण की वर्तमान लहर का कारण ब्रिटेन में सामने आया वायरस का स्वरूप हो सकता है क्योंकि मार्च के दूसरे से अंतिम सप्ताह में जीनोम श्रृंखला में इसकी उपस्थिति करीब दोगुनी पाई गई है। राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) के निदेशक सुजीत सिंह ने शुक्रवार को यह बात कही।

''जीनोम सीक्वेंसिंग ऑफ सार्स-सीओवी-19'' वेबिनार को संबोधित करते हुए सुजीत सिंह ने कहा कि ब्रिटेन में सामने आया वायरस का नया स्वरूप पंजाब में भी हावी है। एनसीडीसी के निदेशक ने कहा कि वर्तमान में दिल्ली के नमूनों में दो तरह के स्वरूप हैं, जिनमें बी.1.617 और ब्रिटिश स्वरूप शामिल हैं।

कोरोना वायरस के बी.1.617 स्वरूप को ही दोहरा स्वरूप कहा जाता है। उन्होंने कहा कि मार्च के दूसरे सप्ताह में 28 फीसदी नमूनों में ब्रिटेन में सामने आया वायरस का स्वरूप पाया गया, जबकि मार्च के अंतिम सप्ताह में 50 फीसदी नमूनों में इस स्वरूप की पहचान की गई।

सुजीत सिंह ने कहा कि अगर हम इसे मिलाकर देखने का प्रयास करें तो दिल्ली में जो वर्तमान में संक्रमण के मामलों में उछाल है, उससे इसका सीधा जुड़ाव नजर आता है।

पिछले कुछ हफ्तों में दिल्ली में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या में वृद्धि हुई है और स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई हैं। शहर के कई अस्पतालों ने ऑक्सीजन की भारी किल्लत देखी जा रही है और वो मरीजों की जान बचाने के लिए हाथ-पांव मार रहे हैं।

सिंह ने कहा कि कोरोना वायरस के मामलों को और अच्छे तरीके से समझने के लिए वायरल जीनोमिक निगरानी बढ़ाने के लिए पिछले साल दिसंबर में गठित एक कंसोर्टियम INSACOG द्वारा 15,133 नमूने लिए हैं। यह यूके, दक्षिण अफ्रीकी और ब्राजील के स्ट्रेन के बाद भी था, जिनमें यह काफी तेजी से उभरा है। सिंह ने कहा कि महाराष्ट्र में, B.1.617 वैरिएंट कई शहरों में 50 प्रतिशत से अधिक के अनुपात में पाया गया।



उन्होंने कहा कि तेलंगाना में 170 नमूनों में ब्रिटेन स्ट्रेन पाए गए थे।  एनसीडीसी देश में कोरोना वायरस की जीनोम सीक्वेंसिंग में शामिल 10 प्रयोगशालाओं में से एक है।

दिल्ली में कोरोना से रिकॉर्ड 348 मरीजों की मौत, 24,000 से अधिक नए मामले

दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण के शुक्रवार को 24,331 नए मामले सामने आए और एक दिन में अब तक की सर्वाधिक 348 लोगों की मौत हुई। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन में यह जानकारी दी गई। दिल्ली में लोगों के संक्रमित पाए जाने की दर 32.43 प्रतिशत है।

दिल्ली में पिछले 11 दिन में इस संक्रमण से करीब 2,100 लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली में गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 26,169 नए मामले सामने आए थे और 306 मरीजों की मौत हुई थी। दिल्ली में गुरुवार को संक्रमण की दर 36.24 फीसदी रही थी, जो पिछले साल महामारी की शुरुआत के बाद से सर्वाधिक है। राजधानी में सर्वाधिक नए मामले मंगलवार को सामने आए थे। मंगलवार को 28,395 मामले सामने आए थे। राजधानी में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर शुक्रवार को 9,80,679 और कुल मृतक संख्या 13,541 हो गई।

बुलेटिन के मुताबिक, दिल्ली में गुरुवार को 75,037 नमूनों की जांच की गई। इसके मुताबिक, दिल्ली में अब तक 8.75 लाख से अधिक मरीज ठीक हो चुके हैं जबकि 92,029 मरीज उपचाराधीन हैं।  

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।