पूर्वी चंपारण:- बर्थडे पार्टी में पहुंचे दारोगा ने बिजनेसमैन की बेटी को थमाई सर्विस रिवॉल्वर, फोटो वायरल
सोशल मीडिया पर बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के ढाका थाने में पदस्थापित एक दारोगा जी की तस्वीर वायरल हो रही है। दारोगा जी एक बर्थडे पार्टी में गए थे जहां उन्होंने एक लड़की को अपनी सर्विस रिवॉल्वर थमा दी और फिर उसके साथ तस्वीर खिंचवाई। यह तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी नवीनचंद्र झा ने दारोगा शंभु यादव से स्पष्टीकरण मांगा है। इसके अलावा उन्हें निलंबित कर दिया गया है। एसपी ने मामले को गंभीर बताया है। जानकारी के अनुसार, ढाका के एक व्यवसायी के घर बर्थडे पार्टी थी। इसमें दारोगा शंभु यादव को भी निमंत्रण मिला था।
दारोगा बर्थडे पार्टी में सिविल ड्रेस में रिवॉल्वर लेकर गए थे। फोटो सेशल के दौरान दारोगा जी ने अपनी रिवॉल्वर एक लड़की को देकर उसके साथ फोटो खिंचवाई। लड़की व्यवसायी की बेटी बताई जा रही है। इतना ही नहीं दारोगा ने व्यवसायी के बेटे को भी फोटो खिंचवाने के लिए अपनी रिवॉल्वर दे दी।
दारोगा के साथ लड़की के हाथ में रिवॉल्वर वाली फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। व्यवसायी के बेटे की भी रिवॉल्वर वाली फोटो तेजी से वायरल हो रही है। बता दें कि इससे पहले भी सोशल मीडिया पर हथियार के साथ कई युवकों की तस्वीर वायरल हुई थी। एसपी ने इसे गंभीरता से लेते हुए उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।

कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।