Breaking News

छपरा जिले में चिकित्सा अधिकारी की कोरोना से मौत, 175 पॉजिटिव मिले

 



छपरा/ इसुआपुर। सारण जिले में कोरोना से इसुआपुर के मेडिकल अफसर की मौत हो गयी जबकि रविवार को कुल 175 मरीज मिले। इसके साथ ही जिले में कोरोना वायरस एक्टिव पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 5890 हो गई है। हालांकि पॉजिटिव मरीज होम आइसोलेशन व आइसोलेशन वार्ड से रिकवर भी तेजी से हो रहे हैं। पिछले दो सप्ताह में मरीजों के संख्या में काफी इजाफा हुआ है। सिविल सर्जन डॉ जनार्दन प्रसाद सुकुमार लगातार जिला वासियों से अपील कर रहे हैं कि वे अपने घरों से ना निकलें। सीएचसी इसुआपुर के चिकित्सा पदाधिकारी तथा प्रखंड के लोकप्रिय समाजसेवी 66 वर्षीय चिकित्सक डॉ बीरेंद्र कुमार सिंह अब इस दुनिया में नहीं रहे। पिछले एक पखवारे से पटना के एक निजी नर्सिंग होम में उनका इलाज चल रहा था। रविवार की दोपहर उन्होंने दम तोड़ दिया। वे कोरोनावायरस से संक्रमित भी थे। परिजनों ने बताया कि उनका आरटीपीसीआर टेस्ट पॉजिटिव पाया गया था। उनके निधन की खबर सुनते ही प्रखंड में शोक की लहर दौड़ गई। लोगों का कहना है कि डॉ बी के सिंह पिछले 40 वर्षों से इसुआपुर के लोगों के बीच चिकित्सीय सेवा दे रहे थे। खासकर वे 24 घंटे इमरजेंसी सेवा देने वाले एकमात्र चिकित्सक थे। सीमावर्ती सिवान तथा गोपालगंज जिला के 20 से 25 किलोमीटर एरिया से इमरजेंसी रोगी भी उनके पास आते थे। इनका डायग्नोसिस इतना बेहतर था कि लोग इन्हें धरती का भगवान कहते थे। यह इतने भावुक और उदार थे कि आर्थिक रुप से गरीब व अक्षम रोगियों के इलाज फ्री में करने के साथ-साथ उन्हें नि:शुल्क दवाइयां भी दे देते थे। धार्मिक व सामाजिक कार्यों में भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते थे। डॉक्टर बी के सिंह अपने पीछे दो पुत्रों डॉ प्रतीक कुमार सिंह, सीएचसी इसुआपुर के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ संदीप कुमार सिंह, दो पुत्रवधु डॉ श्वेता सिंह, डॉ निमिषा सिंह, पुत्री डॉ पायल तथा दामाद डॉ शैलेंद्र कुमार सिंह, पत्नी पूर्व जिला पार्षद मंजू देवी, पोते-पोती, नाती- नतिनी समेत दर्जनों भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन पर महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, स्थानीय विधायक जनक सिंह, वरीय नेता शैलेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक मुद्रिका प्रसाद राय, वाईपीएल संयोजक सुधीर सिंह, सीएचसी इसुआपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ विजय किशोर प्रसाद, जदयू नेता छविनाथ सिंह, मुखिया संगम बाबा, बिगन मांझी, धनंजय पांडेय, राम प्रकाश दास, गजेंद्र सिंह, राज किशोर सिंह, अरविंद चौरसिया, सुनील चौरसिया, विजय सिंह, मनोज राय, अमरनाथ प्रसाद, बैरिस्टर राय, अरुण बाबा, रजनीश रंजन तिवारी समेत सैकड़ों लोगों ने अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।

कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।