Breaking News

राज्यसभा सांसद सुशील मोदी के छोटे भाई अशोक कुमार मोदी का निधन, कोरोना से थे संक्रमित

 



बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी के छोटे भाई अशोक कुमार मोदी का पटना में निधन हो गया है। वे 65 साल के थे और कोरोना वायरस से संक्रमित थे। इसकी जानकारी खुद सुशील मोदी ने ट्विटर पर दी। उन्होंने कहा कि डॉक्टर्स ने उन्हें बचाने की बहुत कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो पाए। मेरे भाई ने आज दोपहर 2.45 बजे अंतिम सांस ली।

 

 

तीन भाइयों में सबसे छोटे थे अशोक मोदी
भाजपा नेता ने बताया कि मेरे छोटे भाई ने रविवार दोपहर को अंतिम सांस ली। सुशील मोदी के तीन भाइयों में अशोक कुमार मोदी सबसे छोटे थे। अशोक मोदी कोरोना से संक्रमित थे और पटना के डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की काफी कोशिश की थी। 

संबित पात्रा ने जताया दुख
अशोक मोदी के निधन पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने दुख जताया है। वहीं राज्यसभा सदस्य विवेक ठाकुर ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की है। इसके अलावा जेडीयू नेता अजय आलोक ने कहा कि आपके और आपके पूरे परिवार को हमारी संवेदना। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।

सुशील मोदी के भाई के निधन पर मुख्यमंत्री दुखी
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के सबसे छोटे भाई अशोक कुमार मोदी के कोरोना से निधन पर दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि अशोक कुमार मोदी की सामाजिक कार्यों में गहरी रुचि थी। उनके निधन से सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा उनके परिजनों को दुख की घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।


कोई टिप्पणी नहीं

बिहार खबर (SUBHAKAR MEDIA PRIVATE LIMITED) वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।